पति को बंधक बनाकर पत्नी से गैंगरेप: बाजार से लौट रहे दंपती पर हमला, 4 आरोपी गिरफ्तार

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। रामानुजनगर थाना क्षेत्र में चार युवकों ने बाजार से लौट रहे दंपती को रास्ते में रोक लिया।
आरोपियों ने पहले पति को बंधक बनाया और फिर उसकी आंखों के सामने महिला को खेत में ले जाकर गैंगरेप किया। घटना के बाद पीड़िता को जान से मारने की धमकी भी दी गई। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, घटना 27 जून की शाम की है। पीड़िता अपने पति के साथ साप्ताहिक बाजार से खरीदारी कर घर लौट रही थी। रास्ते में पति ने कोसना (चावल से बनी शराब) पी ली थी, जिससे वह नशे में था।
रात करीब 8:30 बजे मुख्य आरोपी ऋतु यादव और उसके तीन साथियों ने दंपती को रोक लिया। आरोपियों ने पति को बंधक बना लिया और महिला को जबरन पास के खेत में ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
घटना के बाद डरी-सहमी महिला देर रात पति के साथ घर पहुंची, लेकिन धमकी के कारण उसने तुरंत शिकायत नहीं की। दो दिन बाद परिजनों और ग्रामीणों के समझाने पर पीड़िता ने रामानुजनगर थाने में मामला दर्ज कराया। शिकायत मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में ऋतु यादव (30), रामजी (25), कपिल और रामेश्वर शामिल हैं। सभी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 70 सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जांच में सामने आया है कि आरोपी आदतन अपराधी हैं। मुख्य आरोपी ऋतु यादव पहले हथियारबंद लूट के मामले में जेल जा चुका है, जबकि हाल ही में उस पर ट्रैक्टर की बैटरी चोरी का आरोप भी लगा था। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।





