StateNewsChhattisgarhछत्तीसगढ़

वाइट टाइगर ‘सिंघम-राणा’ को दिया गया शॉवर, VIDEO: मैत्रीबाग में जानवरों को गर्मी से राहत के खास इंतजाम

दुर्ग। छत्तीसगढ़ में बढ़ती गर्मी और हीटवेव के असर से जहां लोग परेशान हैं, वहीं भिलाई के मैत्रीबाग चिड़ियाघर में वन्य प्राणियों को बचाने के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने के बाद प्रबंधन ने सफेद बाघों सहित सभी जानवरों के लिए शॉवर, कूलर और विशेष डाइट की व्यवस्था शुरू कर दी है।

मैत्रीबाग में मौजूद सफेद बाघ ‘राणा’ और ‘सिंघम’ को शनिवार को शॉवर दिया गया। पानी की फुहार से उनके शरीर का तापमान नियंत्रित रखने की कोशिश की जा रही है। इससे बाघों को राहत मिल रही है और वे सामान्य से ज्यादा सक्रिय नजर आ रहे हैं। चिड़ियाघर प्रबंधन इन बाघों की विशेष निगरानी कर रहा है, क्योंकि सफेद बाघ गर्मी के प्रति अधिक संवेदनशील होते हैं।

गर्मी से राहत देने के लिए बाघों के बाड़ों में कूलर लगाए जा रहे हैं। अन्य जानवरों के केज में भी हाई पावर कूलर लगाने की तैयारी है, ताकि अंदर का वातावरण ठंडा रखा जा सके। साथ ही गार्डन एरिया में जगह-जगह फव्वारे लगाए गए हैं, जिससे आसपास का तापमान कम महसूस हो और जानवरों को प्राकृतिक ठंडक मिल सके।

इसके अलावा सभी बाड़ों में पानी की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। दिन में कई बार पानी बदला जा रहा है, ताकि किसी भी जानवर को डिहाइड्रेशन की समस्या न हो। गर्मी को देखते हुए जानवरों की डाइट में भी बदलाव किया गया है और अधिक तरल पदार्थ शामिल किए जा रहे हैं।

मैत्रीबाग प्रबंधन का कहना है कि उनका उद्देश्य सभी वन्य प्राणियों को सुरक्षित और स्वस्थ रखना है। गर्मी के इस दौर में हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने की संभावना को देखते हुए अतिरिक्त व्यवस्थाएं भी की जाएंगी।

Related Articles

Back to top button