StateNewsदेश - विदेश

निजी अस्पताल में भीषण आग, 4 मरीजों की मौत; ICU की खिड़कियां तोड़कर बचाई गईं जानें

मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में एक निजी अस्पताल में बुधवार देर रात हुए भीषण अग्निकांड में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग झुलस गए।

हादसा रात करीब 3 बजे अस्पताल के आईसीयू वार्ड में हुआ, जिससे पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, शॉर्ट सर्किट के बाद आईसीयू में लगे एयर कंडीशनर (एसी) में विस्फोट हो गया, जिसके चलते आग तेजी से फैल गई।

कुछ ही मिनटों में धुआं और लपटें पूरे वार्ड में फैल गईं, जिससे वहां भर्ती मरीज और उनके परिजन दहशत में आ गए। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

अस्पताल की पांचवीं मंजिल पर स्थित आईसीयू वार्ड तक पहुंचने में बचाव दल को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। दमकलकर्मियों ने खिड़कियां और दरवाजे तोड़कर अंदर फंसे मरीजों को बाहर निकाला।

कई मरीजों को स्ट्रेचर और व्हीलचेयर के सहारे सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने आरोप लगाया कि हादसे के दौरान अस्पताल का कुछ स्टाफ मौके से गायब हो गया था, जिससे बचाव कार्य में अतिरिक्त परेशानी हुई।

मृतकों में गीता देवी, 57 वर्षीय उदय कुमार और 30 वर्षीय शशांक कुमार की पहचान हो चुकी है, जबकि एक अन्य मृतक की पहचान अभी नहीं हो पाई है। घायलों का विभिन्न अस्पतालों में उपचार जारी है।

घटना पर बिहार सरकार ने दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हादसे पर शोक जताते हुए घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और अस्पताल में सुरक्षा मानकों की समीक्षा की जा रही है।

Related Articles

Back to top button