MAUSAM : दिल्ली-यूपी समेत 20 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी, 80 KMPH तक चलेंगी हवाएं; वज्रपात का भी खतरा

दिल्ली। देश के कई हिस्सों में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने शनिवार को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत 20 राज्यों में भारी बारिश, तेज आंधी और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है।

कई इलाकों में 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, उत्तर भारत में अगले 24 घंटे के दौरान भारी बारिश का सबसे ज्यादा असर देखने को मिल सकता है। वहीं पूर्वी भारत के कई राज्यों में भी तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।

पहाड़ी राज्यों में लगातार बारिश के कारण भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने और किसानों को खराब मौसम के दौरान खुले खेतों में काम करने से बचने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग ने जिन राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया है, उनमें उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, असम, त्रिपुरा, केरल, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश शामिल हैं। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी संभावना है।

अगले 24 घंटे के दौरान हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, सिक्किम, असम, अरुणाचल प्रदेश, तटीय कर्नाटक और केरल में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है।

वहीं ओडिशा, कोंकण-गोवा, जम्मू-कश्मीर और उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश में भी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।

दिल्ली-एनसीआर में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। बीच-बीच में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिलेगी।

हालांकि मौसम विभाग ने वज्रपात और तेज हवाओं के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी है।

Exit mobile version