StateNewsदेश - विदेश

11 राज्यों में मौसम का अलर्ट: MP-राजस्थान में ओले, केदारनाथ में बर्फबारी; यूपी में बिजली गिरने से 5 की मौत

दिल्ली। देशभर में गर्मी की शुरुआत के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली है। दिल्ली, पंजाब समेत 11 राज्यों में शनिवार को तेज बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। मध्य प्रदेश और राजस्थान में ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है, जबकि पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी का दौर जारी है।

मध्य प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान 36 जिलों में बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने भोपाल और ग्वालियर सहित 45 जिलों में आंधी, बारिश और ओले गिरने की संभावना जताई है। वहीं राजस्थान के जैसलमेर और बीकानेर में शुक्रवार को जमकर ओले गिरे। अजमेर और ब्यावर में तेज आंधी से पेड़ गिर गए और टीनशेड उड़ गए।

उत्तर प्रदेश में खराब मौसम का असर जानलेवा साबित हुआ। बिजली गिरने से 5 लोगों की मौत हो गई। मथुरा और आगरा में ओलावृष्टि हुई, जबकि कोसीकला अनाज मंडी में हजारों बोरी गेहूं भीग गया, जिससे किसानों को भारी नुकसान हुआ।

पहाड़ी राज्यों में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ है। उत्तराखंड के केदारनाथ में ताजा बर्फबारी हुई, जबकि हिमाचल प्रदेश के शिमला, लाहौल-स्पीति और रोहतांग दर्रा में भी बर्फ गिरी। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।

मौसम विभाग के अनुसार 5 और 6 अप्रैल को उत्तर भारत से लेकर दक्षिण और पूर्वोत्तर राज्यों तक बारिश का असर देखने को मिलेगा। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, बिहार, महाराष्ट्र, केरल, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक समेत कई राज्यों में बारिश की संभावना है। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में ओलावृष्टि और तमिलनाडु में बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है।

विशेषज्ञों के मुताबिक, साइक्लोनिक सर्कुलेशन के सक्रिय होने से यह बदलाव आया है। तापमान में 3 से 5 डिग्री तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी है।

Related Articles

Back to top button