सरदार पटेल के आदर्शों पर सुरक्षित और विकसित छत्तीसगढ़ बनाएंगे: गृहमंत्री विजय शर्मा

राष्ट्रीय एकता दिवस पर माना में परेड समारोह, बोले- नक्सलवाद के खिलाफ सफलता से बस्तर में शुरू हुआ शांति और विकास का नया दौर

रायपुर। सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों पर चलते हुए सुरक्षित, समृद्ध और विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण करना हमारा संकल्प है। यह बात उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने शनिवार को राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर कही। लौह पुरुष सरदार पटेल की 151वीं जयंती पर छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की चौथी वाहिनी, माना में आयोजित परेड समारोह में वे शामिल हुए। उन्होंने परेड की सलामी ली, मार्च पास्ट का निरीक्षण किया और उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की शपथ दिलाई।

560 से अधिक रियासतों का किया था एकीकरण

विजय शर्मा ने कहा कि सरदार पटेल ने अपनी इच्छाशक्ति और दूरदर्शिता से 560 से अधिक देशी रियासतों का भारतीय संघ में विलय कर अखंड भारत की नींव रखी। उनका जीवन हमें एकता, समर्पण और साझा जिम्मेदारी की प्रेरणा देता है। राष्ट्रीय एकता केवल भौगोलिक सीमाओं तक सीमित नहीं, बल्कि नागरिकों के बीच विश्वास और भाईचारे से भी मजबूत होती है।

बस्तर में विकास की नई उम्मीद

गृह मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ ने नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई में ऐतिहासिक सफलता हासिल की है। सुरक्षा बलों के साहस और स्थानीय लोगों के सहयोग से कभी हिंसा और भय से प्रभावित बस्तर में शांति और विकास की नई उम्मीद जगी है।

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य बस्तर के हर गांव तक सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, संचार और रोजगार की सुविधाएं पहुंचाना है। जनजातीय संस्कृति और परंपराओं का सम्मान करते हुए स्थानीय लोगों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना प्राथमिकता है।

एकता नगर की परेड में छत्तीसगढ़ के जवानों का प्रदर्शन

गुजरात के एकता नगर में आयोजित राष्ट्रीय परेड में बस्तर फाइटर्स की महिला कमांडो, डीआरजी और एसटीएफ के जवानों ने छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व किया। समारोह में शहीद जवानों की छायाचित्र प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया गया। इसके अलावा नक्सलवाद के खिलाफ संघर्ष से शांति और विकास तक की यात्रा पर नाट्य प्रस्तुति हुई। इसमें बस्तर के युवाओं ने भी हिस्सा लिया।

↑
Exit mobile version