तमिलनाडु में विजय सरकार ने जीता फ्लोर टेस्ट, समर्थन में 144 वोट

दिल्ली। जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) सरकार ने बुधवार को तमिलनाडु विधानसभा में विश्वास मत हासिल कर लिया।
सरकार के पक्ष में 144 वोट पड़े, जबकि विरोध में केवल 22 वोट मिले। मतदान के दौरान 5 विधायक अनुपस्थित रहे। TVK को कांग्रेस, CPI(M), VCK और AIADMK के बागी विधायकों का समर्थन मिला।
फ्लोर टेस्ट के दौरान सदन में जमकर हंगामा भी हुआ। विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टेलिन ने मुख्यमंत्री विजय पर AIADMK के बागी विधायकों के सहारे सरकार बचाने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि “यह बदलाव नहीं, बल्कि सौदेबाजी है। सरकार को इंस्टाग्राम रील नहीं, रियल गवर्नेंस करनी चाहिए।” इसके बाद DMK ने सदन से वॉकआउट कर दिया।
सीएम विजय ने जवाब देते हुए कहा कि उनकी सरकार “सेक्युलर तरीके से घोड़े की रफ्तार से काम करेगी, हॉर्स ट्रेडिंग नहीं करेगी।” उन्होंने यह भी कहा कि पिछली सरकार की जनकल्याण योजनाएं जारी रहेंगी।
फ्लोर टेस्ट के दौरान AIADMK में अंदरूनी फूट भी खुलकर सामने आ गई। बागी गुट के नेता एस.पी. वेलुमणि ने विश्वास प्रस्ताव में TVK का समर्थन करने का ऐलान किया।
वहीं AIADMK प्रमुख ने सरकार के खिलाफ मतदान करने की घोषणा की थी। पार्टी के भीतर करीब 30 विधायकों के बागी खेमे में होने की चर्चा है।
सदन में NEET परीक्षा रद्द होने का मुद्दा भी उठा। कई दलों ने केंद्र सरकार और NTA पर सवाल खड़े किए। वहीं BJP ने विश्वास मत के दौरान तटस्थ रुख अपनाया।
इससे पहले 10 मई को विजय ने तमिलनाडु के 9वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। राज्यपाल ने उन्हें 13 मई तक सदन में बहुमत साबित करने का निर्देश दिया था, जिसे उन्होंने सफलतापूर्वक पूरा कर लिया।





