UPSC प्रीलिम्स 2026 कल: फेस स्कैन के बाद मिलेगी एंट्री, छत्तीसगढ़ में 13 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी देंगे परीक्षा

रायपुर। संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सर्विस प्रारंभिक परीक्षा 24 मई को आयोजित होगी। छत्तीसगढ़ में परीक्षा के लिए रायपुर और बिलासपुर में कुल 36 सेंटर बनाए गए हैं, जहां 13 हजार 319 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। इस बार पहली बार फेस ऑथेंटिकेशन सिस्टम लागू किया गया है।
रायपुर में 22 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 8 हजार 449 उम्मीदवार परीक्षा में शामिल होंगे। वहीं बिलासपुर में 14 केंद्रों पर 4 हजार 870 परीक्षार्थी एग्जाम देंगे।
परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2:30 से 4:30 बजे तक आयोजित की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पहली पाली के लिए सुबह 9 बजे और दूसरी पाली के लिए दोपहर 2 बजे परीक्षा केंद्र का मुख्य गेट बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा।
इस बार सुरक्षा व्यवस्था काफी सख्त रखी गई है। परीक्षा केंद्रों में प्रवेश से पहले फेस स्कैनिंग के जरिए अभ्यर्थियों का सत्यापन किया जाएगा। इसके अलावा मेटल डिटेक्टर से फ्रिस्किंग भी होगी, ताकि फर्जी अभ्यर्थियों और गड़बड़ी की आशंका को रोका जा सके।
रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने अभ्यर्थियों से परीक्षा शुरू होने से कम से कम आधा घंटा पहले केंद्र पहुंचने की अपील की है। उन्होंने परीक्षा केंद्रों के आसपास ध्वनि प्रदूषण और अव्यवस्था रोकने के निर्देश भी दिए हैं।
बिलासपुर में शासकीय बिलासा कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, इंजीनियरिंग कॉलेज कोनी, सीएमडी कॉलेज और स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय समेत 14 संस्थानों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। परीक्षा के दौरान पुलिस पेट्रोलिंग टीम लगातार निगरानी रखेगी और गोपनीय सामग्री का वितरण जिला कोषालय से किया जाएगा।





