StateNewsदेश - विदेश

राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर संसद में हंगामा: विपक्ष का प्रदर्शन, ‘चंदा चोर’ के लगे नारे; लोकसभा 2 बजे तक स्थगित

दिल्ली। संसद के मानसून सत्र के 12वें दिन मंगलवार को भी लोकसभा की कार्यवाही हंगामे की भेंट चढ़ गई। सदन की कार्यवाही सुबह 11 बजे शुरू होते ही विपक्षी सांसदों ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। लगातार हंगामे के चलते लोकसभा की कार्यवाही महज तीन मिनट ही चल सकी और इसे दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दिया गया।

सदन की कार्यवाही से पहले विपक्षी दलों के सांसदों ने संसद परिसर के मकर द्वार पर विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई विपक्षी नेताओं ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए सरकार को घेरा। प्रदर्शन के दौरान विपक्षी सांसदों ने ‘चंदा चोर’ के नारे भी लगाए और इस मामले में जवाबदेही तय करने की मांग की।

उधर, संसद परिसर स्थित जीएमसी बालयोगी ऑडिटोरियम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एनडीए संसदीय दल की साप्ताहिक ‘मंगल मिलन’ बैठक में हिस्सा लिया। बैठक में गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन सहित एनडीए के कई वरिष्ठ नेता और सांसद मौजूद रहे। बैठक में संसद की रणनीति और विभिन्न विधायी कार्यों पर चर्चा की गई।

इधर, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण मंगलवार को लोकसभा में ‘टैक्सेशन एंड अदर लॉज (अमेंडमेंट) बिल’ पेश करने वाली हैं। हालांकि विपक्ष के लगातार विरोध और सदन में जारी गतिरोध के बीच इस विधेयक पर चर्चा और पारित होने की प्रक्रिया प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।

मानसून सत्र के दौरान विभिन्न मुद्दों पर सरकार और विपक्ष के बीच लगातार टकराव देखने को मिल रहा है। ऐसे में आने वाले दिनों में भी संसद की कार्यवाही सुचारु रूप से चलने को लेकर संशय बना हुआ है।

Related Articles

Back to top button