धर्मांतरण के आरोप पर नारायणपुर के गांव में बवाल, दो पक्षों में मारपीट; तनाव के बीच भारी पुलिस बल तैनात

नारायणपुर। नारायणपुर जिले के भरंडा गांव में धर्मांतरण के आरोपों को लेकर मंगलवार को तनावपूर्ण स्थिति निर्मित हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई।
घटना के बाद गांव में तनाव फैल गया, जिसके चलते कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन और पुलिस अधिकारी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, ‘प्रेस’ लिखे एक चारपहिया वाहन में सवार कुछ लोग गांव पहुंचे थे। ग्रामीणों का आरोप है कि इन लोगों द्वारा आदिवासी समुदाय के कुछ लोगों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा था।
इसकी जानकारी मिलने पर स्थानीय ग्रामीणों ने विरोध जताया। विरोध के दौरान मतांतरित समुदाय के कुछ लोगों और ग्रामीणों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते झड़प और मारपीट में बदल गई।
घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पत्रकारिता की आड़ में धर्मांतरण जैसी गतिविधियों को बढ़ावा देने की कोशिश की जा रही है। उनका कहना है कि इस तरह की घटनाएं सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करती हैं और पत्रकारिता की छवि को भी नुकसान पहुंचाती हैं।
विवाद के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए सड़क जाम कर दी। बताया जा रहा है कि ग्रामीणों ने कथित तौर पर संबंधित लोगों को थाने ले जाने का भी विरोध किया, जिससे कुछ समय के लिए स्थिति और तनावपूर्ण हो गई। सड़क जाम के कारण यातायात भी प्रभावित हुआ।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने दोनों पक्षों से चर्चा कर स्थिति को शांत करने का प्रयास किया। एहतियात के तौर पर गांव और आसपास के क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन गांव में तनाव बना हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने तथा किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है।





