रायपुर में 24 घंटे में चाकूबाजी की दो घटनाएं, दो युवकों की मौत;2 नाबालिग समेत 5 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी के डीडी नगर थाना क्षेत्र में 24 घंटे के भीतर चाकूबाजी की दो अलग-अलग घटनाओं में दो युवकों की मौत से इलाके में दहशत का माहौल है। दोनों मामलों में मामूली विवाद के बाद चाकू से हमला किया गया। एक घटना में युवक गंभीर रूप से घायल है, जबकि दूसरी घटना में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने एक मामले में दो नाबालिग समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पहली घटना महादेव घाट रोड स्थित गणेश मंदिर के पास हुई। निषादपारा रायपुरा निवासी कैलाश निषाद (20) अपनी महिला मित्र के साथ पैदल घर लौट रहा था। इसी दौरान स्कूटी सवार चंगोराभाठा निवासी टीकेंद्र देवांगन (20) ने उसे रोक लिया। पुलिस के अनुसार, टीकेंद्र ने चाकू से कैलाश पर हमला किया। बचाव में कैलाश ने चाकू छीनकर टीकेंद्र पर वार कर दिया। गंभीर घायल टीकेंद्र की अस्पताल में मौत हो गई। कैलाश को एम्स रायपुर में भर्ती कराया गया है।
चंगोराभाठा में युवक की हत्या
दूसरी घटना 23 अगस्त की रात करीब 12:30 बजे श्रीराम नगर, चंगोराभाठा में हुई। यहां 20 वर्षीय भोला विश्वकर्मा का स्थानीय युवकों से विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर युवकों ने मिलकर उस पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर हालत में भोला को मेकाहारा अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने इस मामले में दो अपचारी बालकों समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है। दोनों मामलों में BNS की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच की जा रही है।





