ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

भाजपा मीडिया ग्रुप से दो नेता बाहर, कांग्रेस ने साधा निशाना

रायपुर। भाजपा के आंतरिक व्हाट्सऐप मीडिया ग्रुप से अचानक दो सक्रिय पदाधिकारी अनुराग अग्रवाल और अमित चिमनानी को हटा दिया गया। इस कार्रवाई को लेकर पार्टी नेताओं ने कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है, लेकिन कांग्रेस ने इसे बड़ा मुद्दा बना लिया है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि भाजपा में गुटबाजी और अनुशासनहीनता अब खुलकर सामने आ रही है।

कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय ठाकुर ने सोशल मीडिया पर ग्रुप के स्क्रीन शॉट और वीडियो शेयर करते हुए भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि जो पार्टी खुद को अनुशासन का प्रतीक बताती है, वहीं अब आंतरिक मतभेद और खींचतान सार्वजनिक रूप से उजागर हो रही है। ठाकुर ने आरोप लगाया कि भाजपा में सिरफुटव्वल की स्थिति है और गुटबाजी चरम सीमा पर पहुंच चुकी है।

कांग्रेस ने यह भी याद दिलाया कि कुछ समय पहले कार्यकर्ता सम्मान समारोह में अजय चंद्राकर को मंच पर ही गमछा और मोमेंटो फेंकना पड़ा था। वहीं भाजपा नेता नरेश गुप्ता भी सोशल मीडिया पर पार्टी की कार्यशैली के खिलाफ नाराजगी जाहिर कर चुके हैं। कांग्रेस का कहना है कि यह घटनाएं साबित करती हैं कि भाजपा का अनुशासन केवल दिखावा है और अंदरखाने असंतोष गहराता जा रहा है।

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि जब भाजपा के मीडिया प्रभारी स्तर के नेताओं को ग्रुप से बाहर कर दिया जाता है तो यह दर्शाता है कि पार्टी में आंतरिक संकट कितना गहरा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा अनुशासन की दुहाई देती है, लेकिन हकीकत में उसका संगठन बिखराव और अंदरूनी खींचतान से जूझ रहा है।

Related Articles

Back to top button