StateNewsदेश - विदेश

देश में मौसम के दो रंग: राजस्थान में पारा 0°C, MP के 13 जिलों में बारिश का अलर्ट; यूपी-बिहार में घना कोहरा

दिल्ली। देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम के दो रंग देखने को मिल रहे हैं। राजस्थान में कड़ाके की ठंड पड़ रही है, जबकि मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में बारिश और बादलों ने सर्दी की रफ्तार थाम रखी है। उत्तर प्रदेश और बिहार में घने कोहरे से सुबह के समय विजिबिलिटी कम हो गई है। पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी के साथ तापमान गिर रहा है।

राजस्थान के माउंट आबू में लगातार दूसरे दिन न्यूनतम तापमान 0 डिग्री दर्ज किया गया। रविवार सुबह गाड़ियों और पेड़-पौधों पर ओस जम गई। सीकर, फतेहपुर और नागौर में भी रात का तापमान 10 डिग्री से नीचे रहा। जयपुर में न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री दर्ज किया गया।

मध्य प्रदेश में चक्रवात अकवान के असर से मौसम बदला हुआ है। रविवार को आधे प्रदेश में बादल छाए रहे और पूर्वी हिस्से के कुछ जिलों में बारिश हुई। भोपाल में रात का तापमान 4.1 डिग्री बढ़कर 14.6 डिग्री पहुंच गया। मौसम विभाग ने सोमवार को जबलपुर, रीवा और शहडोल संभाग के 13 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है।

छत्तीसगढ़ में भी बादलों के कारण रात की ठंड कम हुई है। अगले दो दिन कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके बाद आसमान साफ होने पर न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट आने का अनुमान है।

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज, कौशांबी और प्रतापगढ़ समेत 24 जिलों में कोहरा छाया रहा। बिहार के समस्तीपुर और बेगूसराय में विजिबिलिटी 100 मीटर से कम रही। राज्य के 11 जिलों में घने कोहरे का अनुमान है।

इधर, पंजाब और हरियाणा में भी ठंड बढ़ रही है। नारनौल में पारा 9 और फरीदकोट में 8 डिग्री दर्ज किया गया। दिल्ली में सोमवार सुबह AQI 297 रहा। वहीं, श्रीनगर और आसपास के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी जारी है। मौसम के इस बदलाव से आने वाले दिनों में मैदानी इलाकों में ठंड और कोहरे का असर बढ़ सकता है।

Related Articles

Back to top button