अजय चंद्राकर का भ्रामक वीडियो वायरल करने वाले दो भाई गिरफ्तार, पुराने वीडियो में तिरंगे की जगह दिखाया भाजपा का झंडा

धमतरी। कुरूद विधायक और पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर का कथित भ्रामक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो भाइयों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले से पकड़ा गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने मार्च में भाजपा कार्यालय में हुए प्रशिक्षण कार्यक्रम के पुराने वीडियो को एडिट कर स्वतंत्रता दिवस का बताकर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया था।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भुनेश्वर निराला (25) और राकेश निराला (32) के रूप में हुई है। दोनों ग्राम जिल्दी के रहने वाले और सगे भाई हैं। दोनों ‘आवाम की आवाज’ नाम से इंस्टाग्राम पेज चलाते हैं। भुनेश्वर इस पेज का प्रधान संपादक और राकेश संपादक है। पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

15 अगस्त को वायरल हुआ था वीडियो

दरअसल, 15 अगस्त को सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था। इसमें अजय चंद्राकर को तिरंगे की जगह भाजपा का झंडा फहराते हुए दिखाया गया था। वीडियो सामने आने के बाद भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इसे फर्जी और भ्रामक बताया। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने धमतरी सिटी कोतवाली थाने का घेराव कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की थी।

मामले की जांच में पुलिस को पता चला कि वायरल वीडियो वास्तव में 22 मार्च 2026 का था। यह कुरूद स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम का वीडियो था, जिसमें भाजपा कार्यकर्ताओं को पार्टी का झंडा फहराते हुए दिखाया गया था।

ऐप से एडिट कर जोड़ा भ्रामक संदेश

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पुराने वीडियो को डाउनलोड करने के बाद ‘News Banao App’ की मदद से उसमें बदलाव किया। वीडियो में ‘स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगे की जगह भाजपा का झंडा’ और ‘स्वतंत्रता दिवस पर सवाल उठे’ जैसे संदेश जोड़े गए। इसके साथ तिरंगे का प्रतीक भी लगाया गया और वीडियो को सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया गया।

पुलिस ने राकेश निराला के मोबाइल की जांच की, जिसमें भाजपा कार्यकर्ताओं के झंडा फहराने से संबंधित तस्वीरें मिलीं। इनका पंचनामा तैयार किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वीडियो वायरल करने के पीछे आरोपियों का उद्देश्य क्या था।

Exit mobile version