अयोध्या। श्रावण मास में रामनगरी अयोध्या में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। देशभर से पहुंच रहे भक्त रामलला के दर्शन के साथ रामजन्मभूमि परिसर के अन्य मंदिरों में भी दर्शन करना चाहते हैं। यही वजह है कि राम मंदिर के लिए श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की वेबसाइट पर 31 अगस्त तक के सभी सामान्य और सुगम दर्शन पास फुल हो गए हैं। हालांकि, मंदिर में दर्शन के लिए पास अनिवार्य नहीं है।
ट्रस्ट के मुताबिक मंदिर परिसर पहुंचने वाले श्रद्धालु बिना पास के भी अपनी सुविधा के अनुसार सभी मंदिरों में दर्शन कर सकते हैं। राम परिवार के मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्टील की अलग लेन बनाई गई है। इसमें सामान्य दर्शनार्थियों और पासधारकों के लिए अलग-अलग व्यवस्था की गई है। हालांकि, आरती में शामिल होने के लिए पास की अनिवार्यता अभी भी लागू है।
राम मंदिर के अलावा परिसर के अन्य मंदिरों में दर्शन की शुरुआत इसी साल 13 अप्रैल से हुई थी। शुरुआती दौर में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पूरक मंदिरों और सप्तर्षि मंदिरों में दर्शन के लिए पास की व्यवस्था की गई थी। इसके बाद 10 अप्रैल से ट्रस्ट की वेबसाइट पर सामान्य दर्शन पास की ऑनलाइन सुविधा भी शुरू की गई थी।
श्रद्धालुओं की संख्या सामान्य होने के बाद मई में दर्शन पास की अनिवार्यता समाप्त कर दी गई। वर्तमान में भी यही व्यवस्था लागू है और बिना पास पहुंचे किसी श्रद्धालु को दर्शन से नहीं रोका जा रहा है। इसके बावजूद बड़ी संख्या में श्रद्धालु अलग लेन से सुविधाजनक दर्शन के लिए ऑनलाइन पास बुक कर रहे हैं।
सावन में बढ़ी भीड़ का असर ऑनलाइन बुकिंग पर भी दिख रहा है। 31 अगस्त तक सामान्य और सुगम दर्शन पास उपलब्ध नहीं हैं। वहीं ऑनलाइन आरती पास भी एक सितंबर तक बुक हो चुके हैं। ट्रस्ट की ओर से करीब 15 दिन पहले तक पास बुक करने की सुविधा दी जाती है। ट्रस्ट के अंतरिम महासचिव कृष्ण मोहन ने कहा कि परिसर में आने वाले सभी श्रद्धालुओं को इच्छानुसार दर्शन कराया जा रहा है।
