लोक कलाकारों को मिलेगा सालाना 24 हजार रुपए तक प्रोत्साहन, 31 अगस्त तक कर सकेंगे आवेदन

रायपुर। छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक कला और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के साथ कलाकारों को आर्थिक संबल देने के लिए संस्कृति एवं राजभाषा संचालनालय ने मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना-2026 के तहत प्रविष्टियां आमंत्रित की हैं। योजना के जरिए पारंपरिक लोक कलाओं को बढ़ावा देने, कलाकारों का सम्मान बढ़ाने और कला दलों के सतत विकास को गति देने का प्रयास किया जाएगा।

योजना के तहत नृत्य-संगीत, लोक नाट्य, लोकगाथा, छत्तीसगढ़ी गीतकार, वाद्ययंत्र वादक, शिल्प कलाकार, छत्तीसगढ़ी पाक कला और छत्तीसगढ़ी सौंदर्यकला (श्रृंगार) से जुड़े कलाकार आवेदन कर सकते हैं। आवेदन निर्धारित प्रारूप में पंजीकृत डाक के माध्यम से भेजना होगा। आवेदन प्रपत्र संस्कृति एवं राजभाषा संचालनालय की वेबसाइट के अलावा नया रायपुर स्थित कार्यालय से भी प्राप्त किए जा सकते हैं।

सालाना 12 से 24 हजार रुपए तक मिलेगी राशि

योजना का लाभ लेने के लिए कलाकारों का चिन्हारी पोर्टल पर पंजीयन अनिवार्य होगा। चयनित कलाकारों को एक वित्तीय वर्ष में एक बार ई-पेमेंट के माध्यम से न्यूनतम 12 हजार से अधिकतम 24 हजार रुपए तक की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।

इसके लिए आवेदक की सभी स्रोतों से वार्षिक आय 96 हजार रुपए से अधिक नहीं होनी चाहिए। आवेदन के साथ सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी आय प्रमाण-पत्र लगाना जरूरी होगा। इसके अलावा बैंक खाते का विवरण, आईएफएससी कोड और पैन कार्ड की छायाप्रति भी जमा करनी होगी।

31 अगस्त अंतिम तारीख

इच्छुक कलाकार अपनी प्रविष्टियां संचालक, संस्कृति एवं राजभाषा संचालनालय, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल, व्यावसायिक परिसर, द्वितीय तल, सेक्टर-27, नया रायपुर, अटल नगर के पते पर भेज सकते हैं। आवेदन प्राप्त होने की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है।

आवेदन वाले लिफाफे पर ‘मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना-2026’ स्पष्ट रूप से लिखना अनिवार्य होगा। प्राप्त आवेदनों का परीक्षण समिति करेगी और समिति का निर्णय अंतिम माना जाएगा। योजना से कलाकारों को आर्थिक सहायता के साथ अपनी कला को पहचान दिलाने और छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा।

Exit mobile version