टाउन हॉल की छायाचित्र प्रदर्शनी बनी आकर्षण का केंद्र, स्वतंत्रता संग्राम का इतिहास जानने उमड़े विद्यार्थी

रायपुर। राजधानी रायपुर के कचहरी चौक स्थित ऐतिहासिक टाउन हॉल में जनसंपर्क विभाग द्वारा आयोजित सात दिवसीय छायाचित्र प्रदर्शनी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शुरू हुई इस प्रदर्शनी में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, शिक्षक और आम नागरिक पहुंच रहे हैं।
यहां स्वतंत्रता संग्राम में छत्तीसगढ़ के योगदान, वीर सेनानियों के संघर्ष, राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ की 150 वर्षों की गौरवगाथा और राज्य की विकास यात्रा को प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया गया है।
प्रदर्शनी का सबसे बड़ा आकर्षण एआई तकनीक के माध्यम से विरासत और पर्यटन का अनूठा अनुभव है।
इस पहल के तहत आगंतुक छत्तीसगढ़ के प्रमुख पर्यटन और धार्मिक स्थलों की पृष्ठभूमि के साथ अपनी डिजिटल तस्वीर तैयार करा रहे हैं। आधुनिक तकनीक और सांस्कृतिक विरासत के इस संगम को लेकर युवाओं और बच्चों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
प्रदर्शनी परिसर में आयोजित क्विज प्रतियोगिता भी लोगों को आकर्षित कर रही है। इसमें छत्तीसगढ़ के इतिहास, संस्कृति, परंपरा और पर्यटन से जुड़े सवाल पूछे जा रहे हैं। इसके जरिए विद्यार्थी मनोरंजन के साथ अपने ज्ञान की भी परीक्षा ले रहे हैं।
प्रदर्शनी में स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े दुर्लभ छायाचित्रों और ऐतिहासिक दस्तावेजों को भी प्रमुखता से स्थान दिया गया है। महात्मा गांधी के छत्तीसगढ़ प्रवास और प्रदेश के स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को तस्वीरों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है।
विद्यार्थियों ने कहा कि पुस्तकों में पढ़े गए इतिहास को तस्वीरों के जरिए समझना उनके लिए प्रेरणादायक अनुभव रहा।
राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ की 150 वर्षों की यात्रा पर आधारित विशेष खंड भी लोगों को आकर्षित कर रहा है।
इसके अलावा महतारी वंदन योजना, कृषक उन्नति योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और सुशासन से जुड़े विकास कार्यों को भी प्रदर्शनी में शामिल किया गया है।
यह प्रदर्शनी 21 अगस्त तक प्रतिदिन सुबह 10:30 बजे से रात 8 बजे तक आम नागरिकों के लिए खुली रहेगी।





