रायपुर। छत्तीसगढ़ में पर्यटन को नई पहचान दिलाने और इस क्षेत्र में बेहतर काम करने वाले उद्यमियों, संस्थाओं और व्यक्तियों को प्रोत्साहित करने के लिए ‘विश्व पर्यटन दिवस पुरस्कार-2026’ दिए जाएंगे। छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड की ओर से आयोजित इस पुरस्कार योजना में होटल, टूर ऑपरेटर, जिले, पर्यटन स्टार्टअप, रिसॉर्ट, पर्यटक सूचना केंद्र, होमस्टे, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर, इको-टूरिज्म साइट और एडवेंचर टूरिज्म संचालकों को सम्मानित किया जाएगा।
कुल 10 श्रेणियों में एक-एक पुरस्कार दिया जाएगा। प्रत्येक विजेता को 11 हजार रुपए की पुरस्कार राशि और मेमेंटो प्रदान किया जाएगा। पुरस्कार के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 15 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।
होटल से इको-टूरिज्म तक 10 श्रेणियां
पुरस्कारों में सर्वश्रेष्ठ होटल, सर्वश्रेष्ठ पंजीकृत टूर ऑपरेटर, सर्वश्रेष्ठ जिला टूरिज्म प्रमोशन, सर्वश्रेष्ठ पर्यटन स्टार्टअप/उद्यमिता, CTB Star Performer-सर्वश्रेष्ठ रिसॉर्ट, CTB Star Performer-पर्यटक सूचना केंद्र, सर्वश्रेष्ठ होमस्टे, सर्वश्रेष्ठ सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर, सर्वश्रेष्ठ इको-टूरिज्म साइट और सर्वश्रेष्ठ एडवेंचर टूरिज्म अवॉर्ड शामिल हैं।
चयन के दौरान केवल आर्थिक प्रदर्शन ही नहीं, बल्कि पर्यटकों को दी जाने वाली सुविधाएं, नवाचार, स्वच्छता, रोजगार सृजन, स्थानीय समुदाय की भागीदारी, सतत पर्यटन और डिजिटल प्रचार जैसे पहलुओं को भी महत्व दिया जाएगा।
स्टार्टअप और डिजिटल प्रमोशन को भी मौका
पर्यटन क्षेत्र में नए विचारों और तकनीक के जरिए बदलाव लाने वाले स्टार्टअप और व्यक्तिगत उद्यमियों को भी पुरस्कार योजना में शामिल किया गया है। वहीं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर श्रेणी में छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों से जुड़े रील्स, वीडियो और अन्य डिजिटल कंटेंट के जरिए राज्य की ब्रांडिंग करने वाले कंटेंट क्रिएटर्स को सम्मान मिलेगा।
होमस्टे और पर्यावरण संरक्षण पर जोर
होमस्टे श्रेणी में राजस्व, बुकिंग, पर्यटकों की संख्या, सुविधाओं और ग्राहक समीक्षा के आधार पर मूल्यांकन होगा। स्थानीय उत्पादों, व्यंजनों और समुदायों को पर्यटन से जोड़ने वाले प्रयासों को भी महत्व मिलेगा।
इको-टूरिज्म श्रेणी में जल संरक्षण, अपशिष्ट प्रबंधन, नवीकरणीय ऊर्जा, जैव विविधता संरक्षण और स्थानीय समुदायों की भागीदारी को प्राथमिकता दी जाएगी। एडवेंचर टूरिज्म में सुरक्षित गतिविधियों, पर्यटक संख्या, नए प्रोडक्ट और गंतव्य विकास को आधार बनाया जाएगा।
15 सितंबर तक भेज सकेंगे आवेदन
इच्छुक व्यक्ति और संस्थाएं अपनी प्रविष्टियां it@visitcg.in पर ई-मेल के जरिए भेज सकते हैं। आवेदन पत्र छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध है। इन पुरस्कारों का उद्देश्य पर्यटन क्षेत्र में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, नवाचार और गुणवत्तापूर्ण सेवाओं को बढ़ावा देने के साथ छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक और सांस्कृतिक पर्यटन संभावनाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है।
