रायपुर का नंदनवन बदलेगा रूप, 50 करोड़ से होगा कायाकल्प; PPP मॉडल पर विकसित करने की तैयारी

रायपुर। जिले के अटारी गांव स्थित नंदनवन को अब नए और आकर्षक स्वरूप में विकसित किया जाएगा। इसके पुनर्विकास की प्रस्तावित परियोजना को लेकर मंत्रालय महानदी भवन में उच्चस्तरीय बैठक हुई। बैठक में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अधिकारियों ने मुख्य सचिव विकास शील के समक्ष परियोजना का प्रस्तुतिकरण दिया।

नंदनवन के कायाकल्प और विकास कार्यों पर करीब 50 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है। पूरी परियोजना को पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत विकसित करने की योजना है। इसके तहत मौजूदा सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ बुनियादी ढांचे का विस्तार किया जाएगा।

बॉटनिकल गार्डन भी होगा विकसित

परियोजना के तहत नंदनवन के बॉटनिकल गार्डन को नए सिरे से विकसित और आकर्षक बनाया जाएगा। इसका उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ पर्यटकों के लिए बेहतर अनुभव और सुविधाएं उपलब्ध कराना है। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुनर्विकास योजना में पर्यटकों की सुविधा और आकर्षण का विशेष ध्यान रखा जाए।

परियोजना में जन-सुविधाओं के विकास, बेहतर आधारभूत संरचना और पर्यटक सुविधाओं को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया है। इससे नंदनवन को रायपुर के प्रमुख पर्यटन स्थलों में और अधिक आकर्षक बनाने की उम्मीद है।

बैठक में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ, वित्त विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव, आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव अंकित आनंद और NRDA के सीईओ चंदन कुमार समेत विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने परियोजना के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की और पुनर्विकास की आगे की कार्ययोजना पर विचार-विमर्श किया।

Exit mobile version