स्थायी दुकानों के शटर बंद होने के बाद ही लगेगी चौपाटी; गंदगी और अतिक्रमण करने वालों पर कार्रवाई, बंद भी कराई जा सकती है दुकान
रायपुर। रायपुर के एमजी रोड चौपाटी में अब मनमानी नहीं चलेगी। यातायात बाधित होने, अव्यवस्थित पार्किंग और गंदगी की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस और नगर निगम ने सख्ती शुरू कर दी है।
चौपाटी के संचालन का समय रात 9 बजे से सुबह 1 बजे तक तय किया गया है। इसके अलावा सड़क और फुटपाथ पर कुर्सी-टेबल लगाने, सार्वजनिक जगहों पर अतिक्रमण करने और मुख्य सड़क पर वाहन खड़े कराने पर रोक रहेगी। नियम तोड़ने वाले संचालकों पर कार्रवाई के साथ चौपाटी बंद कराने की चेतावनी भी दी गई है।
इस संबंध में 16 नवंबर को यातायात सभागार में पुलिस, नगर निगम, व्यापारी संघ और चौपाटी संचालकों की संयुक्त बैठक हुई। इसमें ट्रैफिक डीसीपी डॉ. अर्चना झा समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में पहले से तय दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए गए।
स्थायी दुकानदारों को परेशान नहीं कर सकेंगे
निर्देश के मुताबिक, स्थायी दुकानों के शटर बंद होने के बाद ही संबंधित जगह पर चौपाटी लगाई जा सकेगी। कोई भी संचालक स्थायी दुकानदार पर दुकान बंद करने का दबाव नहीं बना सकेगा और न ही उससे विवाद कर सकेगा।
संचालकों को अपने प्रतिष्ठान और आसपास की सफाई की जिम्मेदारी भी खुद उठानी होगी। गीले और सूखे कचरे के लिए अलग-अलग डस्टबिन रखना अनिवार्य होगा। संचालन खत्म होने के बाद जगह की सफाई करनी होगी। सड़क, नाली और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने की अनुमति नहीं होगी।
पार्किंग की जिम्मेदारी भी संचालकों की
चौपाटी आने वाले ग्राहकों के दोपहिया और चारपहिया वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था संचालकों को करनी होगी। मुख्य सड़क या यातायात में बाधा बनने वाली जगहों पर वाहन खड़े नहीं कराए जा सकेंगे। सड़क और फुटपाथ पर ग्राहकों के बैठने के लिए कुर्सी-टेबल लगाने पर भी रोक रहेगी।
अधिकारियों ने बताया कि अव्यवस्थित पार्किंग, अतिक्रमण और गंदगी के कारण स्थानीय नागरिकों, राहगीरों और स्थायी व्यापारियों को परेशानी हो रही है। संचालकों ने नियमों का पालन करने का आश्वासन दिया है।
पुलिस और नगर निगम अब संयुक्त रूप से निगरानी करेंगे। उल्लंघन मिलने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी और जरूरत पड़ने पर संबंधित चौपाटी स्थायी रूप से बंद भी कराई जा सकती है।
