ONGC के गैस कुएं से भारी रिसाव, तेज आवाज से गांवों में दहशत

सुबह 4:30 बजे पुराने कुएं पर दोबारा ड्रिलिंग के दौरान हुआ हादसा; CM चंद्रबाबू नायडू ने दिए लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश, नेशनल हाईवे-216 पर आवाजाही रोकी

दिल्ली। आंध्र प्रदेश के कोनासीमा जिले में मंगलवार सुबह ONGC के एक गैस कुएं से भारी मात्रा में रिसाव होने से हड़कंप मच गया।

मामिडिकुडुरु मंडल के नागाराम गांव के पास तादिवरीमेराका इलाके में सुबह करीब 4:30 बजे अचानक तेज आवाज के साथ गैस निकलने लगी।

देखते ही देखते गैस आसपास फैल गई और ग्रामीणों में दहशत फैल गई। घटना के बाद मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से बात कर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पुराने कुएं पर चल रही थी दोबारा ड्रिलिंग

जानकारी के मुताबिक, ONGC के पुराने गैस कुएं पर दोबारा ड्रिलिंग का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक कुएं से गैस का तेज रिसाव शुरू हो गया। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और ONGC के अधिकारी मौके पर पहुंचे।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए नरसापुरम से विशेष ब्लोआउट कंट्रोल टीम बुलाई गई है। दमकल विभाग के कर्मचारियों को भी तैनात किया गया है, ताकि आग लगने की आशंका को देखते हुए तत्काल कार्रवाई की जा सके।

हाईवे पर वाहनों की आवाजाही रोकी

गैस रिसाव के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने राष्ट्रीय राजमार्ग-216 के बाइपास हिस्से पर यातायात अस्थायी रूप से रोक दिया है। अधिकारियों ने आसपास के इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी है।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि जरूरत पड़ने पर प्रभावित क्षेत्रों के परिवारों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाए।

जनवरी में भी हुआ था गैस रिसाव

कोनासीमा जिले में इस साल गैस रिसाव की यह दूसरी बड़ी घटना है। इससे पहले 5 जनवरी को मलिकीपुरम मंडल के इरुसुमंडा गांव में ONGC के मोरी-5 कुएं से गैस रिसाव के बाद आग लग गई थी।

केंद्र सरकार के मुताबिक, उस घटना पर 10 जनवरी तक काबू पा लिया गया था। मंगलवार की घटना में फिलहाल किसी की मौत या घायल होने की पुष्टि नहीं हुई है। रिसाव को नियंत्रित करने के प्रयास जारी हैं।

↑
Exit mobile version