रायपुर। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के क्रियान्वयन और पथ विक्रेताओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के मामले में छत्तीसगढ़ ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है।
नई दिल्ली में शुक्रवार को आयोजित ‘स्वनिधि सम्मान अवार्ड्स-2026’ में प्रदेश को पांच राष्ट्रीय पुरस्कार मिले। इनमें राज्य ने फास्टेस्ट मूवर्स श्रेणी में देश में पहला और इनोवेशन एंड बेस्ट प्रैक्टिसेज श्रेणी में दूसरा स्थान हासिल किया।
भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित समारोह में उप मुख्यमंत्री और नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने राज्य की ओर से दोनों पुरस्कार ग्रहण किए। इस दौरान केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू भी मौजूद रहे।
डिजिटल लेनदेन में तीन नगरीय निकायों को सम्मान
डिजिटल अडॉप्शन श्रेणी में प्रदेश के तीन नगरीय निकायों को राष्ट्रीय पुरस्कार मिला। एक लाख से कम आबादी वाले निकायों में बड़े बचेली ने देश में पहला और दंतेवाड़ा ने दूसरा स्थान हासिल किया। वहीं, एक लाख से 10 लाख की आबादी वाले निकायों में बिलासपुर नगर निगम को दूसरा स्थान मिला।
इन पुरस्कारों के जरिए पथ विक्रेताओं को डिजिटल लेनदेन से जोड़ने और उन्हें संस्थागत ऋण उपलब्ध कराने के प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान मिली है।
CM साय बोले- छोटे कारोबारियों को आत्मनिर्भर बनाना प्राथमिकता
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित पीएम स्वनिधि योजना छोटे व्यवसायियों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में अहम भूमिका निभा रही है। पांच राष्ट्रीय पुरस्कार मिलना पूरे प्रदेश के लिए गौरव की बात है। सरकार का संकल्प है कि विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और पथ विक्रेताओं को सम्मानजनक आजीविका के अवसर मिलें।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि ये पुरस्कार नगरीय निकायों की बेहतर कार्यप्रणाली और समर्पित प्रयासों का परिणाम हैं। समारोह में बिलासपुर, बड़े बचेली और दंतेवाड़ा के जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी शामिल हुए।
