StateNewsदेश - विदेश

उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में पारा माइनस 24°: राजस्थान के 10 शहरों में 10° से कम तापमान, यूपी-बिहार में घने कोहरे का अलर्ट

दिल्ली। देशभर में सर्दी का प्रकोप जारी है। उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के मुनस्यारी में सोमवार को न्यूनतम तापमान माइनस 24 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे कम तापमान है। भीषण ठंड के बीच मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है। वहीं, हरिद्वार और उधम सिंह नगर में घने कोहरे की चेतावनी दी गई है।

राजस्थान में भी ठंड का असर बना हुआ है। प्रदेश के 10 से ज्यादा शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। फतेहपुर और पाली सबसे ठंडे रहे, जहां पारा क्रमशः 4.9 और 5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अलवर, सीकर और झुंझुनूं समेत कई जिलों में सुबह के समय ओस जमने और हल्के कोहरे का असर देखा गया, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ।

उत्तर प्रदेश के 19 और बिहार के 5 जिलों में घने कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक सुबह और देर रात दृश्यता काफी कम रह सकती है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने की आशंका है। लोगों को सावधानी बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग के अनुसार 9 से 11 फरवरी के बीच उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। 10 फरवरी को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में तेज हवाओं के साथ बर्फबारी हो सकती है। वहीं मैदानी इलाकों में अगले दो दिनों तक सुबह-शाम ठंड और कोहरे का असर बना रहेगा, हालांकि दिन में धूप निकलने से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button