नकली सामान का बड़ा भंडाफोड़: हिंदुस्तान यूनिलीवर के नाम पर बिक रहे थे फर्जी प्रोडक्ट

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में नकली उत्पादों का बड़ा मामला सामने आया है। मालधक्का क्षेत्र में पुलिस और कोर्ट द्वारा नियुक्त टीम ने छापेमारी कर हिंदुस्तान यूनिलीवर कंपनी के नाम पर बेचे जा रहे फर्जी सामान का खुलासा किया है। कार्रवाई में भारी मात्रा में नकली चायपत्ती और सर्फ एक्सेल पाउडर बरामद किया गया।
यह कार्रवाई बॉम्बे हाईकोर्ट के आदेश पर नियुक्त एडिशनल स्पेशल रिसीवर एचएन जोशी द्वारा की गई। टीम ने पुलिस के साथ व्यापार विहार स्थित जोन-2 की दुकान और भगत सिंह कॉम्प्लेक्स के गोदामों पर दबिश दी। इस दौरान महादेव जनरल स्टोर्स के संचालक रवि मंगलानी मौके पर मौजूद थे।
जांच में सामने आया कि नामी ब्रांड के रैपर में नकली सामान पैक कर बाजार में बेचा जा रहा था। गोदाम से सर्फ एक्सेल के 80 ग्राम वाले कुल 5280 पैकेट बरामद किए गए, जिनमें 4800 पैकेट बैग में और 480 अन्य पैकेट अलग से रखे मिले। इसके अलावा रेड लेबल चाय के 1 किलो वाले 80 पैकेट भी जब्त किए गए।
कार्रवाई के बाद सभी जब्त उत्पादों को सील कर कंपनी के प्रतिनिधियों को सौंप दिया गया है। एडिशनल स्पेशल रिसीवर ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि यह कार्रवाई नवंबर 2025 से मार्च 2026 के बीच जारी अदालत के निर्देशों के तहत की गई है। इस मामले की अगली सुनवाई 8 मई को बॉम्बे हाईकोर्ट में होगी।
सूत्रों के मुताबिक, व्यापार विहार क्षेत्र में नकली उत्पादों का एक बड़ा नेटवर्क सक्रिय है, जहां से थोक व्यापारियों को डुप्लीकेट सामान सप्लाई किया जा रहा है। बाद में इन्हें असली बताकर ग्राहकों को बेचा जाता है। इस खुलासे के बाद प्रशासन अब पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गया है।





