दिल्ली। देशभर में गर्मी ने अपना प्रचंड रूप दिखाना शुरू कर दिया है। उत्तर प्रदेश, राजस्थान और महाराष्ट्र के कई शहरों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। गुरुवार को राजस्थान के श्रीगंगानगर में सबसे अधिक 44.5°C तापमान दर्ज किया गया, जबकि यूपी के प्रयागराज और महाराष्ट्र के अमरावती में 44.4°C और अकोला में 44.3°C पारा रिकॉर्ड हुआ।
भीषण गर्मी को देखते हुए कई राज्यों में एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। राजस्थान के जयपुर, कोटा, चित्तौड़गढ़, जैसलमेर और दौसा में स्कूलों का समय बदलकर सुबह 7:30 बजे कर दिया गया है। वहीं बीकानेर, झुंझुनूं और जैसलमेर में मजदूरों के काम करने के समय में भी बदलाव किया गया है, ताकि उन्हें लू से बचाया जा सके।
इधर, Kerala के कन्नूर जिले में लू लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जो इस सीजन का पहला मामला माना जा रहा है। वहीं Odisha में भी हालात गंभीर हैं। झारसुगुड़ा और तालचेर में तापमान 44°C तक पहुंच गया है, जबकि 24 स्थानों पर पारा 40°C से ऊपर रहा। कटक समेत कई जिलों में स्कूलों की छुट्टियां बढ़ा दी गई हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, 25 और 26 अप्रैल को भी हालात में ज्यादा राहत मिलने की संभावना नहीं है। छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान सहित कई राज्यों में हीटवेव चलने का अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही कई क्षेत्रों में ‘वार्म नाइट’ यानी रात में भी गर्मी बनी रहने की चेतावनी दी गई है।
