ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

सरस्वती साइकिल योजना से वैष्णवी के सपनों को मिली नई उड़ान: अब पैदल नहीं, साइकिल से जाएगी स्कूल; पढ़ाई होगी आसान

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार की सरस्वती साइकिल योजना बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभा रही है। इस योजना के तहत हाई स्कूल में पढ़ने वाली छात्राओं को निःशुल्क साइकिल उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाली बेटियों की पढ़ाई में दूरी बाधा न बने। सूरजपुर जिले की छात्रा वैष्णवी कसेरा के लिए यह योजना किसी नई उम्मीद से कम नहीं है।

सूरजपुर के शासकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय में अध्ययनरत बाजारपारा निवासी वैष्णवी को शासन की ओर से निःशुल्क साइकिल मिली है। पहले वह प्रतिदिन पैदल स्कूल जाती थी, जिससे काफी समय और ऊर्जा खर्च होती थी। लंबी दूरी तय करने के कारण पढ़ाई भी प्रभावित होती थी। अब साइकिल मिलने के बाद उसके लिए विद्यालय पहुंचना आसान हो गया है।

वैष्णवी ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि अब वह समय पर स्कूल पहुंच सकेगी और पढ़ाई पर अधिक ध्यान दे पाएगी। उसके मुताबिक, पहले पैदल आने-जाने में काफी परेशानी होती थी, लेकिन अब साइकिल मिलने से उसके सपनों को नई उड़ान मिल गई है। उसने कहा कि वह मन लगाकर पढ़ाई करेगी और अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए पूरी मेहनत करेगी।

वैष्णवी ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और राज्य सरकार के प्रति आभार जताते हुए कहा कि यह योजना बेटियों के लिए बेहद उपयोगी है। इससे न केवल स्कूल तक पहुंच आसान हुई है, बल्कि छात्राओं में आत्मविश्वास भी बढ़ा है।

सरस्वती साइकिल योजना का उद्देश्य छात्राओं की स्कूल तक सुरक्षित और नियमित पहुंच सुनिश्चित करना, बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करना तथा ड्रॉपआउट की समस्या को कम करना है। शिक्षा से जुड़ी यह पहल ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों की हजारों छात्राओं के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोल रही है। सरकार की यह योजना बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने के साथ उनके उज्ज्वल भविष्य की राह भी आसान कर रही है।

Related Articles

Back to top button