ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

रायपुर में अवैध प्लाटिंग पर निगम का बुलडोजर, 7 एकड़ में बनी सड़क तोड़ी, निर्माणकर्ता पर होगी FIR

रायपुर। राजधानी रायपुर में अवैध प्लाटिंग के खिलाफ नगर निगम ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। नगर निगम जोन क्रमांक-9 की टीम ने मोवा क्षेत्र में लगभग 7 एकड़ निजी भूमि पर की जा रही अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कर दिया। मौके पर मुरूम डालकर बनाई जा रही सड़क को जेसीबी मशीन से काटकर पूरी तरह नष्ट किया गया, ताकि आगे किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य न हो सके।

गुरुवार 8 जनवरी को नगर निवेश विभाग की टीम को सूचना मिली थी कि मोवा इलाके में अज्ञात व्यक्तियों द्वारा बिना अनुमति के सड़क बनाकर अवैध प्लाटिंग की जा रही है। जांच में पुष्टि होने के बाद निगम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पूरी सड़क को उखाड़ दिया। यह कार्रवाई नगर निगम आयुक्त विश्वदीप के आदेश और जोन कमिश्नर अंशुल शर्मा के निर्देश पर की गई।

नगर निगम जोन-9 ने रायपुर तहसीलदार और पंजीयक कार्यालय को पत्र भेजकर संबंधित भूमि के वास्तविक स्वामी की जानकारी मांगी है। जैसे ही भूमि स्वामी और निर्माणकर्ता की पहचान होगी, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए संबंधित थाने में नामजद एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।

इसी क्रम में दलदल सिवनी मुख्य मार्ग पर अवैध रूप से बनाए गए लेबर क्वार्टर को भी निगम की टीम ने जेसीबी से तोड़ दिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि रायपुर शहर में अवैध प्लाटिंग और निर्माण के खिलाफ आगे भी इसी तरह का सघन अभियान चलाया जाएगा और किसी भी प्रकार की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इस कार्रवाई के दौरान कार्यपालन अभियंता शरद ध्रुव, सहायक अभियंता संदीप तिवारी और सैयद जोहेब, उप अभियंता अतुल बंसल सहित निगम का अमला मौके पर मौजूद रहा। निगम प्रशासन का कहना है कि अवैध प्लाटिंग से न सिर्फ शासन के राजस्व को नुकसान होता है, बल्कि भविष्य में नागरिकों को बुनियादी सुविधाओं की भारी परेशानी झेलनी पड़ती है। इसलिए ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button