ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

CGBSE बोर्ड में रीचेकिंग-रीवैल्यूएशन की प्रक्रिया शुरू

14 मई तक आवेदन का मौका, दूसरी मुख्य परीक्षा के फॉर्म 4 मई से भरेंगे

रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) ने हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी मुख्य परीक्षा 2026 के रिजल्ट जारी होने के बाद पुनर्गणना, पुनर्मूल्यांकन और उत्तरपुस्तिका की छायाप्रति के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। बोर्ड ने दूसरी मुख्य परीक्षा 2026 के आवेदन फॉर्म की तारीखों का भी ऐलान कर दिया है।

मंडल द्वारा जारी सूचना के मुताबिक छात्र रिजल्ट जारी होने की तारीख से 15 दिनों के भीतर यानी 14 मई 2026 तक री-टोटलिंग (Re-totaling), रीवैल्यूएशन (Revaluation) और उत्तरपुस्तिका की छायाप्रति प्राप्त करने के लिए आवेदन कर सकते हैं। विद्यार्थी चाहें तो तीनों प्रक्रियाओं के लिए आवेदन कर सकते हैं या इनमें से किसी एक अथवा दो विकल्प का चयन भी कर सकते हैं।

बोर्ड ने आवेदन की सुविधा ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से उपलब्ध कराई है। छात्र मंडल की आधिकारिक वेबसाइट से आवेदन फॉर्म डाउनलोड कर सकते हैं। इसके अलावा जिला, तहसील और विकासखंड स्तर की अग्रेषण संस्थाओं में निर्धारित शुल्क के साथ आवेदन जमा किए जा सकते हैं। विद्यार्थी सीधे वेबसाइट के जरिए ऑनलाइन आवेदन भी कर सकेंगे। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि अंतिम तिथि के बाद किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा।

वहीं दूसरी मुख्य परीक्षा 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया 4 मई से शुरू होगी। हाईस्कूल, हायर सेकेंडरी और अवसर परीक्षा के लिए विद्यार्थी 4 मई से 30 मई 2026 तक सामान्य शुल्क के साथ ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।

दूसरी मुख्य परीक्षा में वे सभी छात्र आवेदन कर पाएंगे जो पहली मुख्य परीक्षा 2026 में पंजीकृत थे। इसमें पूरक श्रेणी के विद्यार्थी, अनुत्तीर्ण छात्र और श्रेणी सुधार करने वाले छात्र शामिल हैं। इसके अलावा मुख्य परीक्षा 2025 में पहली बार पंजीकृत होकर फेल या पूरक आए विद्यार्थी भी क्रेडिट योजना के तहत आवेदन कर सकेंगे।

नियमित विद्यार्थियों को आवेदन अपने स्कूल के माध्यम से करना होगा, जबकि स्वाध्यायी और अवसर परीक्षा देने वाले छात्र समन्वय संस्थाओं के जरिए फॉर्म भर सकेंगे।

Related Articles

Back to top button