छत्तीसगढ़ में फिर सक्रिय हुआ मानसून: अगले 4 दिन भारी बारिश का अलर्ट, उत्तर छत्तीसगढ़ में बिजली गिरने की चेतावनी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में तीन दिन की राहत के बाद मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में अगले चार दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है।
वहीं उत्तर छत्तीसगढ़ के एक-दो इलाकों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और सक्रिय मानसूनी सिस्टम के कारण प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी। इससे किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है, हालांकि कुछ क्षेत्रों में तेज बारिश और बिजली गिरने से सतर्क रहने की आवश्यकता है।
बारिश की गतिविधियां बढ़ने के बावजूद इस मानसून सीजन में अब तक प्रदेश में सामान्य से 17 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। कई जिलों में औसत से कम बारिश होने के कारण खेती-किसानी पर भी असर पड़ा है। मौसम विभाग को उम्मीद है कि अगले कुछ दिनों में होने वाली बारिश से वर्षा की कमी कुछ हद तक पूरी हो सकती है।
तापमान की बात करें तो रायपुर गुरुवार को प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पेंड्रारोड में न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जिससे वहां मौसम अपेक्षाकृत ठंडा बना रहा।
राजधानी रायपुर में गुरुवार को दिनभर बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने शहर का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया है।
मौसम विभाग ने नागरिकों, विशेषकर किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से मौसम अपडेट पर नजर रखने और खराब मौसम के दौरान आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है। अगले चार दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मानसूनी गतिविधियां बनी रहने की संभावना है।





