देश की प्रगति में कुर्मी समाज का योगदान अहम: डोंगरिया सम्मेलन में बोले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

कवर्धा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रविवार को कबीरधाम जिले के डोंगरिया में आयोजित अखिल भारतीय क्षत्रिय कुर्मी समाज के प्रदेश स्तरीय सम्मेलन एवं सम्मान समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने समाज की एकता, संगठन और देश निर्माण में कुर्मी समाज की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने जलेश्वर महादेव धाम पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि कुर्मी समाज का इतिहास गौरवशाली रहा है। छत्रपति शिवाजी महाराज और सरदार वल्लभभाई पटेल जैसी महान विभूतियों ने देश की एकता और राष्ट्र निर्माण में ऐतिहासिक योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि कुर्मी समाज मेहनतकश, जागरूक और प्रगतिशील समाज है, जिसने खेती, शिक्षा, प्रशासन और सामाजिक नेतृत्व समेत हर क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पुनर्जागरण के दौर से गुजर रहा है। उन्होंने रामलला दर्शन योजना और मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि हजारों श्रद्धालु इन योजनाओं का लाभ ले चुके हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार “मोदी की गारंटी” को जमीन पर उतारने के लिए लगातार काम कर रही है। महतारी वंदन योजना के तहत लाखों महिलाओं को आर्थिक सहायता दी जा रही है। वहीं सिंचाई परियोजनाओं और रेलवे अधोसंरचना विस्तार पर भी तेजी से कार्य हो रहा है।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने समाज की एकता को उसकी सबसे बड़ी ताकत बताया। राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा ने कहा कि समाज की प्रगति विश्वास और संगठन से संभव होती है। विधायक धर्मजीत सिंह और भावना बोहरा ने भी समाज की भूमिका पर प्रकाश डाला। सम्मेलन में बड़ी संख्या में समाज के लोग और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।





