मुख्यमंत्री ने स्टेडियम में किया राजा रघुराज सिंह की प्रतिमा का अनावरण

बिलासपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज बिलासपुर प्रवास के दौरान शहर के मध्य स्थित रघुराज स्टेडियम में दानदाता गोंड राजा रघुराज सिंह जगत की आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया।

पंडरिया जमींदारी के राजा रघुराज सिंह जगत ने वर्ष 1958 में बिलासपुर शहर के बीचोंबीच स्थित लगभग 5 एकड़ जमीन खेलों के विकास के लिए दान की थी। इसी भूमि पर बने इस ऐतिहासिक स्टेडियम में क्रिकेट सहित कई इनडोर खेल गतिविधियाँ संचालित होती हैं।

स्टेडियम की देखरेख फिजिकल कल्चरल सोसाइटी द्वारा की जाती है। रघुराज सिंह क्रिकेट स्टेडियम कई रणजी मुकाबलों का साक्षी रहा है। वर्ष 1978, 1979 और 1981 में यहाँ विदर्भ, मध्य प्रदेश और रेलवे क्रिकेट टीमों के बीच रणजी मैच खेले गए थे। इसके अतिरिक्त कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी इस मैदान पर अपने कौशल का प्रदर्शन कर चुके हैं।

मुख्यमंत्री साय ने प्रतिमा अनावरण के बाद खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया और कहा कि राजा रघुराज सिंह का योगदान खेल संस्कृति को बढ़ावा देने में ऐतिहासिक है।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव, विधायक धरमलाल कौशिक, अमर अग्रवाल, धर्मजीत सिंह, सुशांत शुक्ला, महापौर पूजा विधानी, कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक मौजूद रहे।

Exit mobile version