रायपुर में CM और डिप्टी CM पर आपत्तिजनक टिप्पणी, 2 के खिलाफ FIR

इंस्टाग्राम पेज संचालक समेत दो लोगों पर केस; सोशल मीडिया अकाउंट और डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही पुलिस

रायपुर। रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री अरुण साव व विजय शर्मा के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने का मामला सामने आया है। शिकायत के बाद सिविल लाइन पुलिस ने इंस्टाग्राम पेज संचालक समेत दो लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट की तकनीकी जांच कर आरोपियों की पहचान और उनकी भूमिका का पता लगा रही है।

मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक, रायपुर निवासी राष्ट्रवादी विचारक वीरेंद्र दुबे ने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि इंस्टाग्राम पर ‘सागर निर्मलकर’ नाम की आईडी से एक वीडियो पोस्ट किया गया था। आरोप है कि इस वीडियो के कमेंट बॉक्स में @quail.3131469 नाम की आईडी से मुख्यमंत्री और दोनों उपमुख्यमंत्रियों के खिलाफ कथित तौर पर अश्लील और गाली-गलौज वाली भाषा का इस्तेमाल किया गया।

अभद्र भाषा के खिलाफ कार्रवाई की मांग

शिकायतकर्ता ने पुलिस से संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि लोकतंत्र में जनप्रतिनिधियों के काम और नीतियों की आलोचना करना सभी का अधिकार है, लेकिन किसी के खिलाफ कथित तौर पर अभद्र या अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए।

शिकायत में सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका भी जताई गई है। शिकायतकर्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आदिवासी समुदाय से आते हैं और इस तरह की कथित टिप्पणियों से सामाजिक माहौल बिगड़ सकता है।

डिजिटल साक्ष्य जुटा रही पुलिस

FIR दर्ज होने के बाद पुलिस ने संबंधित वीडियो, कमेंट और इंस्टाग्राम अकाउंट की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के जरिए दोनों अकाउंट संचालकों की पहचान और पोस्ट में उनकी भूमिका की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version