UPSC में 35वीं रैंक पाने वाली वैभवी अग्रवाल से मिले मुख्यमंत्री, बधाई देकर खिलाई मिठाई

रायपुर। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा में 35वीं रैंक हासिल करने वाली वैभवी अग्रवाल ने शनिवार को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने उन्हें मिठाई खिलाकर इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि वैभवी अग्रवाल ने अपनी प्रतिभा, कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर देश की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षाओं में से एक यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में शानदार सफलता प्राप्त की है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल परिवार बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ का मान बढ़ा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वैभवी की सफलता प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। ऐसी उपलब्धियां यह संदेश देती हैं कि यदि लक्ष्य के प्रति समर्पण, अनुशासन और निरंतर प्रयास किया जाए तो कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि कड़ी मेहनत और लगन के सामने कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता।

मुख्यमंत्री साय ने विश्वास जताया कि वैभवी अग्रवाल प्रशासनिक सेवा में रहते हुए अपने दायित्वों का निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करेंगी तथा देश और समाज की सेवा में महत्वपूर्ण योगदान देंगी। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऐसी उपलब्धियां राज्य के विकास और भविष्य के लिए भी सकारात्मक संदेश देती हैं।

इस अवसर पर वैभवी अग्रवाल के पिता शीतल अग्रवाल और उनके भाई विनायक अग्रवाल भी मौजूद थे। परिवार ने मुख्यमंत्री को इस सम्मान और प्रोत्साहन के लिए धन्यवाद दिया। मुख्यमंत्री ने वैभवी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगामी जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं।

Exit mobile version