अंबिकापुर में प्लास्टिक-पटाखा दुकान में भीषण आग: धमाकों से दहला इलाका, 10KM दूर दिखा धुएं का गुबार

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर शहर में बुधवार दोपहर एक प्लास्टिक और पटाखा गोदाम में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। राम मंदिर रोड स्थित मुकेश प्लास्टिक की होलसेल दुकान में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और करीब एक घंटे के भीतर दो मंजिला इमारत को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है।

दुकान में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक सामग्री और पटाखों का भंडारण किया गया था। आग लगने के बाद पहले प्लास्टिक का सामान जलने लगा, जिसके बाद पटाखों में आग लग गई। इससे लगातार तेज धमाके होने लगे और पूरा इलाका गूंज उठा। धमाकों और घने काले धुएं के कारण आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल बन गया। आग इतनी भयावह थी कि धुएं का गुबार करीब 10 किलोमीटर दूर से भी देखा गया।

आग की लपटें दुकान से सटे रिहायशी मकानों तक पहुंच गईं। पास में रहने वाले प्रमोद पांडेय के घर में भी आग लग गई, जिससे घर के अंदर धुआं भर गया। स्थानीय लोगों ने किसी तरह घर खाली कराया। घनी आबादी वाले इलाके में आग लगने से अफरा-तफरी की स्थिति बन गई और लोग घर छोड़कर बाहर निकल आए।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। अब तक 4 दमकल गाड़ियों और करीब 25 टैंकर पानी की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका है। दरिमा एयरपोर्ट से भी अतिरिक्त फायर ब्रिगेड मंगाई गई है।

घटना की सूचना पर सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत और एसपी राजेश अग्रवाल मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने आग पर काबू पाने के लिए जरूरी निर्देश दिए हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है, वहीं रिहायशी इलाके में पटाखों के भंडारण को लेकर प्रशासन पर सवाल उठने लगे हैं।

Exit mobile version