CG आबकारी विभाग ने जारी किया आरक्षक भर्ती का फाइनल रिजल्ट: 200 पदों पर चयन, 43 अभ्यर्थी वेटिंग लिस्ट में; व्यापम की वेबसाइट पर देखें सूची

रायपुर। छत्तीसगढ़ आबकारी विभाग में आबकारी आरक्षक के रिक्त पदों पर भर्ती का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है।

विभाग ने 200 पदों पर सीधी भर्ती के लिए अंतिम चयन परिणाम (Final Selection Result) घोषित कर दिया है। चयनित अभ्यर्थियों की सूची और प्रतीक्षा सूची छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मण्डल (व्यापम) की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है।

जुलाई 2025 में हुई थी लिखित परीक्षा

आबकारी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इन 200 पदों के लिए 27 जुलाई 2025 को लिखित परीक्षा आयोजित की गई थी। इसके बाद 19 सितंबर 2025 को व्यापम ने लिखित परीक्षा के परिणाम और मॉडल उत्तर जारी किए थे। मेरिट के आधार पर रिक्तियों से तीन गुना अभ्यर्थियों को अगले चरण के लिए चुना गया था।

दस्तावेज सत्यापन और शारीरिक टेस्ट के बाद फाइनल लिस्ट

लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को मूल दस्तावेजों के सत्यापन और शारीरिक मापदण्ड (Physical Test) की जांच के लिए बुलाया गया था।

इस प्रक्रिया के दौरान, पर्याप्त अवसर देने के बाद भी जो अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे या शारीरिक मापदण्ड में अपात्र पाए गए, उन्हें चयन प्रक्रिया से बाहर कर दिया गया।

शेष पात्र अभ्यर्थियों में से मेरिट के आधार पर 200 पदों के विरुद्ध 200 अभ्यर्थियों की मुख्य चयन सूची जारी की गई है। भविष्य की जरूरतों को देखते हुए 43 अभ्यर्थियों की अनुपूरक (प्रतीक्षा) सूची भी तैयार की गई है।

यहाँ देखें अपना रिजल्ट

अभ्यर्थी अपना परिणाम व्यापम की आधिकारिक वेबसाइट https://vyapamcg.cgstate.gov.in/ पर जाकर देख सकते हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि पूरी चयन प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ व्यापम द्वारा जारी मेरिट और शारीरिक दक्षता के मानकों के आधार पर पूरी की गई है।

Exit mobile version