ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

साय कैबिनेट की बैठक 14 नवंबर को

रायपुर।  मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में शुक्रवार, 14 नवंबर 2025 को सुबह 11 बजे मंत्रालय (महानदी भवन) अटल नगर, नवा रायपुर में राज्य मंत्रिपरिषद (कैबिनेट) की बैठक आयोजित की जाएगी।

इस बैठक में सरकार की कई महत्वपूर्ण नीतिगत मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। सूत्रों के अनुसार, बैठक का प्रमुख एजेंडा आगामी धान खरीदी सीजन की अंतिम समीक्षा रहेगा। इसके साथ ही खरीदी केंद्रों की तैयारियों, परिवहन व्यवस्था और भुगतान प्रक्रिया की प्रगति पर भी रिपोर्ट पेश की जा सकती है।

माना जा रहा है कि कैबिनेट में विधानसभा के शीतकालीन सत्र की तिथि तय करने पर भी मंथन होगा। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, यह सत्र नवंबर के अंतिम सप्ताह या दिसंबर के पहले सप्ताह में आयोजित किया जा सकता है। इसके अलावा राज्य सरकार की विभिन्न विकास योजनाओं और लोकहित से जुड़ी घोषणाओं की प्रगति पर भी चर्चा होने के आसार हैं।

कैबिनेट में जनजाति गौरव दिवस के आयोजन की तैयारियों पर भी विचार किया जाएगा। इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के छत्तीसगढ़ आगमन की संभावना है। उनके कार्यक्रम के मद्देनज़र सुरक्षा व्यवस्था और स्वागत आयोजन की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा होने की उम्मीद है।

इसके अलावा कैबिनेट बैठक में वित्त विभाग से जुड़ी कुछ प्रस्तावित नीतियों, ग्रामीण विकास योजनाओं और शिक्षा विभाग से संबंधित निर्णयों को भी मंजूरी मिल सकती है। सूत्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री साय बैठक में अधिकारियों को समयबद्ध कार्ययोजना लागू करने के निर्देश दे सकते हैं, ताकि राज्य के किसानों और आम नागरिकों को सीधे लाभ मिल सके।

Related Articles

Back to top button