ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

रायपुर पहुंचे पवन खेड़ा बोले आजादी की लड़ाई में RSS का योगदान नहीं, आज कांग्रेस प्रशिक्षण शिविर का समापन

रायपुर। कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया एवं प्रचार विभाग के अध्यक्ष पवन खेड़ा रविवार रात रायपुर पहुंचे। वे सोमवार को कांग्रेस के जिला अध्यक्षों के 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के समापन समारोह में शामिल होंगे।

रायपुर पहुंचने पर उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और राम मंदिर ट्रस्ट को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला।

पवन खेड़ा ने कहा कि देश के स्वतंत्रता आंदोलन और इतिहास में RSS का कोई योगदान नहीं रहा है।

उन्होंने संघ के वरिष्ठ प्रचारक इंद्रेश कुमार के महात्मा गांधी को लेकर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ऐसे संगठनों ने देश और हिंदू समाज को नुकसान पहुंचाने का काम किया है।

उन्होंने कहा कि विवादित बयानों पर समय गंवाने के बजाय जनता से जुड़े मुद्दों पर ध्यान देना अधिक जरूरी है।

अयोध्या राम मंदिर से जुड़े कथित चोरी के मामले का जिक्र करते हुए खेड़ा ने राम मंदिर ट्रस्ट की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए।

उन्होंने कहा कि भगवान राम के नाम पर किसी भी तरह का भ्रष्टाचार स्वीकार नहीं किया जा सकता।

उनका आरोप था कि ट्रस्ट का गठन RSS की सोच और निगरानी में हुआ है तथा इसकी गतिविधियों पर प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की भी नजर रही है।

सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव का उल्लेख करते हुए खेड़ा ने कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर को समय की जरूरत बताया।

उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों से कार्यकर्ताओं को संगठन, संवाद और जनसंपर्क के नए तरीके सीखने का अवसर मिलता है, जिससे वे जनता के बीच प्रभावी ढंग से अपनी बात रख सकते हैं।

रायपुर में पिछले 10 दिनों से चल रहे जिला अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर का सोमवार को समापन होगा।

शिविर में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, चुनावी रणनीति, मीडिया प्रबंधन, सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग और जनता से बेहतर संवाद जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया।

इससे पहले लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी शिविर में शामिल होकर संगठन को मजबूत बनाने के लिए नेताओं और कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन दे चुके हैं।

Related Articles

Back to top button