StateNewsChhattisgarhछत्तीसगढ़

पीएम सूर्यघर योजना से बदली परिवार की तस्वीर,3 किलोवाट का सोलर प्लांट लगाकर बिजली बिल से मिली राहत

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में संचालित पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना प्रदेश के लोगों के जीवन में बड़ा बदलाव ला रही है।

इस योजना के जरिए ग्रामीण और शहरी परिवार अपनी छतों पर सोलर प्लांट लगाकर न केवल बिजली की जरूरत पूरी कर रहे हैं, बल्कि हर महीने आने वाले बिजली बिल से भी राहत पा रहे हैं।

गौरेला विकासखंड के ग्राम पंचायत भदौरा निवासी शुभम राठौर इसकी एक मिसाल बनकर सामने आए हैं। उन्होंने योजना का लाभ उठाते हुए अपने घर की छत पर 3 किलोवाट क्षमता का सोलर प्लांट स्थापित किया है। इसके बाद उनका परिवार ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन गया है।

शुभम राठौर ने बताया कि सोलर प्लांट लगने से पहले उन्हें हर महीने 400 से 500 रुपए तक बिजली बिल का भुगतान करना पड़ता था। हालांकि, अब उनका बिजली खर्च लगभग खत्म हो गया है। घर की अधिकांश जरूरतें सौर ऊर्जा के जरिए पूरी हो रही हैं।

योजना के तहत उन्हें केंद्र सरकार की ओर से 78 हजार रुपए की सब्सिडी सीधे बैंक खाते में मिली। इसके अलावा राज्य सरकार ने 30 हजार रुपए की अतिरिक्त सहायता प्रदान की। इस तरह कुल 1 लाख 8 हजार रुपए की सब्सिडी मिलने से सोलर प्लांट की स्थापना उनके लिए काफी आसान हो गई।

शुभम का कहना है कि अब उन्हें बिजली बिल की चिंता नहीं रहती। सोलर प्लांट से जरूरत से ज्यादा बनने वाली बिजली सीधे ग्रिड में चली जाती है, जिसका समायोजन बिजली बिल में किया जाता है। इससे उन्हें अतिरिक्त आर्थिक लाभ भी मिल रहा है।

पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना न केवल लोगों को आर्थिक रूप से मजबूत बना रही है, बल्कि स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देकर पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। शुभम राठौर की सफलता इस बात का उदाहरण है कि सरकारी योजनाओं का सही उपयोग कर आम लोग आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं।

Related Articles

Back to top button