भूपेश बघेल चैट विवाद में जेल में बंद 2 यूट्यूबर्स पर दूसरी FIR: महिला ने लगाया ब्लैकमेलिंग का आरोप, वीडियो हटाने के लिए मांगे 2 लाख

दुर्ग। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से जुड़े कथित इंस्टाग्राम चैट विवाद में जेल में बंद यूट्यूबर्स सागर साहू और पुष्पराज सिंह की मुश्किलें बढ़ गई हैं। दोनों के खिलाफ पुरानी भिलाई थाने में ब्लैकमेलिंग और उगाही का दूसरा मामला दर्ज किया गया है। एक महिला ने आरोप लगाया है कि वीडियो हटाने के नाम पर पहले 50 हजार रुपए मांगे गए और बाद में 2 लाख रुपए की मांग कर धमकियां दी गईं।
शिकायतकर्ता नेहा मिश्रा उमदा क्षेत्र में पिछले पांच वर्षों से ग्राहक सेवा केंद्र संचालित करती हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि कुछ समय पहले सागर साहू और पुष्पराज सिंह आधार कार्ड की फोटोकॉपी कराने के बहाने उनके केंद्र पहुंचे थे। आरोप है कि दोनों ने बातचीत को तोड़-मरोड़कर वीडियो तैयार किया और उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया।
महिला का कहना है कि 3 जून को वीडियो हटाने के एवज में 50 हजार रुपए मांगे गए। बदनामी के डर से उन्होंने अपनी जमा पूंजी से 35 हजार रुपए आरोपियों को दे दिए, जिसके बाद वीडियो हटा लिया गया। हालांकि बाद में दोनों ने फिर 2 लाख रुपए की मांग की। पैसे नहीं देने पर नए वीडियो वायरल करने और लगातार बदनाम करने की धमकी दी गई। इसके बाद सोशल मीडिया पर तीन से अधिक वीडियो अपलोड किए गए, जिससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा।
पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 308(2) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि करीब नौ दिन पहले भी दोनों यूट्यूबर्स के खिलाफ भूपेश बघेल से जुड़े कथित इंस्टाग्राम चैट मामले में एफआईआर दर्ज हुई थी। उस मामले में वायरल स्क्रीनशॉट को पूर्व मुख्यमंत्री ने पूरी तरह फर्जी बताते हुए कानूनी कार्रवाई की घोषणा की थी। फिलहाल दोनों आरोपी उसी मामले में न्यायिक हिरासत में जेल में बंद हैं।





