StateNewsदेश - विदेश

केंद्रीय मंत्री जॉर्ज कुरियन ने दिया इस्तीफा, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने मंजूर किया त्यागपत्र

दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय राज्य मंत्री जॉर्ज कुरियन ने मंगलवार को केंद्र सरकार में अपने पद से इस्तीफा दे दिया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सलाह पर उनका इस्तीफा तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया है। राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी बयान में इसकी आधिकारिक जानकारी दी गई।

जॉर्ज कुरियन अल्पसंख्यक मामलों के मंत्रालय तथा मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय में राज्य मंत्री (MoS) के रूप में कार्यरत थे। उनका राज्यसभा कार्यकाल पूरा हो चुका था, जिसके बाद उन्हें मंत्रिपद छोड़ना पड़ा। राजनीतिक सूत्रों के अनुसार, राज्यसभा सदस्यता समाप्त होने के कारण संवैधानिक प्रावधानों के तहत उनका मंत्री पद पर बने रहना संभव नहीं था।

65 वर्षीय जॉर्ज कुरियन भाजपा के पुराने और अनुभवी नेताओं में गिने जाते हैं। वह 1980 में भारतीय जनता पार्टी की स्थापना के समय से ही संगठन से जुड़े हुए हैं। उन्होंने 9 जून 2024 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तीसरे कार्यकाल में केंद्रीय राज्य मंत्री के रूप में शपथ ली थी। इसके बाद 11 जून 2024 को उन्होंने अल्पसंख्यक मामलों और मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्रालय का कार्यभार संभाला था।

केरल के कोट्टायम जिले में 20 सितंबर 1960 को जन्मे जॉर्ज कुरियन ने कानून की पढ़ाई की है। उन्होंने लॉ में स्नातक और स्नातकोत्तर की डिग्री हासिल की। राजनीति और संगठन में सक्रिय भूमिका निभाने के अलावा वे राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं। इसके साथ ही उन्होंने पूर्व केंद्रीय रेल राज्य मंत्री ओ. राजगोपाल के विशेष कार्याधिकारी (OSD) के रूप में भी काम किया था।

भाजपा नेतृत्व के करीबी माने जाने वाले कुरियन का इस्तीफा ऐसे समय में आया है, जब पार्टी विभिन्न राज्यों में संगठनात्मक और राजनीतिक समीकरणों को लेकर रणनीति पर काम कर रही है। हालांकि उनके इस्तीफे को राज्यसभा कार्यकाल समाप्त होने से जुड़ी सामान्य संवैधानिक प्रक्रिया माना जा रहा है।

अब केंद्र सरकार में उनके स्थान पर नए मंत्री की नियुक्ति को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

Related Articles

Back to top button