केरल। केरल में मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर कांग्रेस में मंथन तेज हो गया है। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की पहली पसंद केसी वेणुगोपाल माने जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि राहुल गांधी ने दिल्ली में वेणुगोपाल से अकेले में मुलाकात भी की है। ऐसे में जल्द ही कांग्रेस की ओर से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार का ऐलान हो सकता है। वेणुगोपाल फिलहाल अलाप्पुझा लोकसभा सीट से सांसद हैं।
इधर, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रमेश चेन्नीथाला ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस में मुख्यमंत्री का चुनाव लोकतांत्रिक प्रक्रिया से होता है।
उन्होंने कहा, “हमारे यहां मोदी-शाह सारे फैसले लें, ऐसा सिस्टम नहीं है।” उनके बयान को केरल कांग्रेस में चल रही अंदरूनी चर्चाओं से जोड़कर देखा जा रहा है।
केरल विधानसभा चुनाव के नतीजे आए छह दिन हो चुके हैं, लेकिन अब तक नए मुख्यमंत्री का ऐलान नहीं हो पाया है। राज्य में 10 साल बाद कांग्रेस की सत्ता में वापसी हुई है। कांग्रेस ने 140 सीटों में से 63 सीटें जीती हैं, जबकि CPI(M) को 26 सीटों पर संतोष करना पड़ा।
9 मई को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के दिल्ली स्थित आवास पर केरल कांग्रेस नेताओं की अहम बैठक हुई थी। रिपोर्ट्स के अनुसार, कांग्रेस के अधिकांश विधायक केसी वेणुगोपाल के समर्थन में हैं।
दावा किया जा रहा है कि 75 से 80 प्रतिशत विधायकों ने उनके नाम पर सहमति जताई है। वहीं विपक्ष के नेता वीडी सतीशन को सीमित समर्थन मिलने की बात सामने आई है। उधर, पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में मुख्यमंत्री शपथ ले चुके हैं, जबकि असम में 12 मई को शपथ ग्रहण समारोह होना है।
