रायपुर में आज भाजपा मनाएगी संविधान गौरव दिवस: CM साय और हाईकोर्ट के पूर्व जज होंगे शामिल; अरुण साव बोले- कांग्रेस ने बाबा साहेब का कद छोटा किया

रायपुर। भाजपा गुरुवार को रायपुर में संविधान गौरव दिवस मनाएगी। कार्यक्रम शाम 4 बजे रजबंधा मैदान स्थित शहीद स्मारक भवन में होगा। इसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। आयोजन में छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति डॉ. गौतम भादुड़ी और सांसद संतोष पाण्डेय मुख्य वक्ता होंगे।

मंत्री, सांसद और विधायक भी रहेंगे मौजूद

कार्यक्रम में विधि-विधायी मंत्री गजेंद्र यादव, सांसद बृजमोहन अग्रवाल और रायपुर के विधायक राजेश मूणत, सुनील सोनी, पुरंदर मिश्रा और मोतीलाल साहू शामिल होंगे। इसके अलावा महापौर मीनल चौबे, भाजपा रायपुर शहर जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर और ग्रामीण जिला अध्यक्ष श्याम नारंग भी मौजूद रहेंगे।

भाजपा का कहना है कि आयोजन का उद्देश्य संविधान के गौरव, उसके मूल्यों और लोकतांत्रिक परंपराओं के प्रति सम्मान व्यक्त करना है।

अरुण साव ने कांग्रेस पर साधा निशाना

कार्यक्रम को लेकर डिप्टी सीएम अरुण साव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर का सम्मान नहीं करने का आरोप लगाया। साव ने कहा कि कांग्रेस के दो प्रधानमंत्रियों को भारत रत्न दिया गया, लेकिन बाबा साहेब को उनके जीवनकाल में यह सम्मान नहीं मिला। भाजपा समर्थित सरकार बनने के बाद उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया गया।

साव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने हमेशा बाबा साहेब का कद छोटा करने की कोशिश की, ताकि वे नेहरू-गांधी परिवार के बराबर खड़े न हो सकें। उन्होंने यह भी दावा किया कि कांग्रेस ने दो बार लोकसभा चुनाव में उन्हें हराने की साजिश रची।

उन्होंने सवाल उठाया कि जो पार्टी संविधान निर्माता का सम्मान नहीं कर पाई, वह संविधान के सम्मान का दावा कैसे कर सकती है।

↑
Exit mobile version