StateNewsकमर्शियलदेश - विदेश

शेयर बाजार में जोरदार तेजी: सेंसेक्स 400 अंक उछला, निफ्टी 24,100 के पार; IT और मेटल शेयरों में खरीदारी

दिल्ली। घरेलू शेयर बाजार में गुरुवार को मजबूत शुरुआत देखने को मिली। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स करीब 400 अंकों की बढ़त के साथ 77,300 के स्तर पर कारोबार करता नजर आया, जबकि निफ्टी 100 अंकों से अधिक चढ़कर 24,100 के ऊपर पहुंच गया। बाजार में सबसे ज्यादा खरीदारी आईटी और मेटल सेक्टर के शेयरों में देखने को मिली, जिससे निवेशकों का उत्साह बढ़ा।

आईटी कंपनियों के शेयरों में अच्छी तेजी दर्ज की गई। इंफोसिस और एचसीएल टेक के शेयर करीब 4 प्रतिशत तक चढ़ गए। इसके अलावा अन्य बड़ी टेक कंपनियों और मेटल सेक्टर के शेयरों में भी निवेशकों ने जमकर खरीदारी की। विश्लेषकों के अनुसार वैश्विक संकेतों और घरेलू निवेशकों की मजबूत भागीदारी से बाजार को समर्थन मिल रहा है।

एशियाई बाजारों में मिला-जुला रुख देखने को मिला। हांगकांग का हैंगसेंग इंडेक्स एक प्रतिशत से अधिक की बढ़त के साथ कारोबार कर रहा था, जबकि जापान का निक्केई और दक्षिण कोरिया का कोस्पी गिरावट में रहे। दूसरी ओर, बुधवार को अमेरिकी बाजारों में भी कमजोरी दर्ज की गई। डाउ जोंस मामूली गिरावट के साथ बंद हुआ, जबकि नैस्डैक और एसएंडपी 500 में भी दबाव देखने को मिला।

विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) की बिकवाली का सिलसिला जारी है। पिछले सात कारोबारी सत्रों में एफआईआई ने करीब 3,907 करोड़ रुपये के शेयर बेचे हैं, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने लगातार खरीदारी करते हुए बाजार को सहारा दिया है। बीते 30 दिनों में डीआईआई की नेट खरीदारी 71 हजार करोड़ रुपये से अधिक रही है।

इससे पहले बुधवार को भी शेयर बाजार बढ़त के साथ बंद हुआ था। सेंसेक्स 443 अंक चढ़कर 76,922 पर और निफ्टी 140 अंक की तेजी के साथ 24,005 के स्तर पर बंद हुआ था। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि वैश्विक संकेत अनुकूल रहे और घरेलू निवेशकों की खरीदारी जारी रही, तो आने वाले कारोबारी सत्रों में बाजार की सकारात्मक धारणा बनी रह सकती है।

Related Articles

Back to top button