ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

PWD की समीक्षा बैठक में सख्ती: समय पर काम नहीं करने वाले ठेकेदार होंगे बाहर

रायपुर। लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने रायपुर परिक्षेत्र के सभी नौ संभागों में निर्माणाधीन सड़कों और भवनों की प्रगति की समीक्षा की।

नवा रायपुर स्थित ‘निर्माण भवन’ में आयोजित बैठक में उन्होंने स्वीकृत, निर्माणाधीन और प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त कार्यों की निविदा प्रक्रिया की जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए।

उन्होंने वर्ष 2024-25 तक के सभी प्रगतिरत कार्यों को 31 मार्च 2027 तक पूर्ण करने तथा गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने को कहा।

सचिव बंसल ने ठेकेदारों के कार्यों का मूल्यांकन कर हर महीने भुगतान करने और मुख्य अभियंता व अधीक्षण अभियंताओं को नियमित रूप से कार्यपालन अभियंताओं की बैठक लेकर समीक्षा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने फील्ड का निरीक्षण करने के बाद ही प्राक्कलन तैयार करने तथा ठेकेदारों से समन्वय कर टाइम-लाइन के अनुसार काम सुनिश्चित करने को कहा। लापरवाही, देरी और गुणवत्ताहीन कार्य करने वाले ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट कर आगामी निविदाओं से अपात्र करने के निर्देश भी दिए।

रायपुर और नवा रायपुर में बेहतर मॉनिटरिंग के लिए रायपुर मंडल क्रमांक-1 के चारों संभागों के कार्यक्षेत्रों के पुनर्गठन के निर्देश दिए गए। तीन वर्षों से अधिक समय से एक ही टेबल पर कार्यरत अधिकारियों-कर्मचारियों की सूची तैयार कर 30 सितम्बर तक नई पदस्थापना करने को कहा गया।

उन्होंने PWD-IMS में सभी कार्यों की एंट्री तथा वित्तीय वर्ष 2025-26 और 2026-27 के प्राथमिकता वाले नए कार्यों के प्राक्कलन 31 अगस्त तक जमा करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, सेवा सेतु और लोक सेवा गारंटी के प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण करने को कहा।

मानसून के दौरान सड़कों की पेच रिपेयरिंग और गड्ढों की तत्काल मरम्मत, प्रदर्शन गारंटी वाली सड़कों की सुधार कार्रवाई तथा निर्माण पूर्ण होने के तीन माह के भीतर फाइनल बिल तैयार कर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। श्री बंसल ने आगामी पांच वर्षों की सड़क आवश्यकताओं का आकलन कर योजनाबद्ध प्रस्ताव तैयार करने पर भी जोर दिया।

Related Articles

Back to top button