ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

रायपुर रेलवे स्टेशन के पास खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापा: 2 बिरयानी सेंटर सील, चिकन बिरयानी में मिला हानिकारक रंग

रायपुर। राजधानी रायपुर के रेलवे स्टेशन के पास स्थित होटलों, रेस्टोरेंट और बिरयानी सेंटरों पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने औचक निरीक्षण कर बड़ी कार्रवाई की है। जांच के दौरान कई प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी सामने आई, जिसके बाद विभाग ने दो बिरयानी सेंटरों को सील कर दिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पाया कि ‘न्यू सागर बिरयानी सेंटर’ बिना खाद्य पंजीयन के संचालित किया जा रहा था। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रतिष्ठान को सील कर दिया।

इसके अलावा एक अन्य बिरयानी सेंटर में अत्यधिक गंदगी मिलने पर उसे भी सील कर दिया गया। जांच टीम ने रसोई, खाद्य सामग्री के भंडारण और भोजन तैयार करने की प्रक्रिया का निरीक्षण किया। इस दौरान कई गंभीर खामियां सामने आईं।

सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि जांच के दौरान चिकन बिरयानी में हानिकारक रंगों के इस्तेमाल का मामला भी सामने आया। अधिकारियों ने खाद्य सामग्री के नमूनों की जांच के बाद संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।

वहीं, ‘आरजे राजस्थानी थाली’ में भी कई कमियां पाई गईं। हालांकि, वहां सीलिंग की कार्रवाई नहीं की गई। विभाग ने संचालक को कड़ी फटकार लगाते हुए जल्द से जल्द व्यवस्थाओं में सुधार करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सुधार संबंधी सूचना भी जारी की गई है।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद स्टेशन रोड स्थित होटल और रेस्टोरेंट संचालकों में हड़कंप मच गया। विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ आगे भी इसी तरह का अभियान जारी रहेगा। यात्रियों और आम लोगों के स्वास्थ्य से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button