ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

अवैध शराब परिवहन और बिक्री पर सख्ती के निर्देश, आबकारी मंत्री ने अधिकारियों को दी चेतावनी

रायपुर। छत्तीसगढ़ के वाणिज्यिक कर (आबकारी) मंत्री लखनलाल देवांगन ने प्रदेश में अवैध शराब के परिवहन और बिक्री पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश दिए हैं।

नवा रायपुर स्थित जीएसटी भवन में आबकारी विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट कहा कि पड़ोसी राज्यों से आने वाली अवैध शराब पर विशेष अभियान चलाया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में वाणिज्यिक कर आबकारी विभाग की सचिव रीना बााब साहेब कंगाले, आबकारी आयुक्त पदुम सिंह एल्मा समेत विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। मंत्री ने अंतरराज्यीय सीमाओं पर स्थापित आबकारी जांच चौकियों में सीसीटीवी कैमरों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने और कोचियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

उन्होंने जिला अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि आबकारी उपनिरीक्षक और मैदानी अमला अवैध शराब कारोबारियों से किसी प्रकार का समझौता न करें। शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाए।

मंत्री ने शराब दुकानों में उपभोक्ताओं की मांग के अनुसार पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने और निर्धारित कीमत से अधिक दर पर बिक्री नहीं होने देने के निर्देश भी दिए।

बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के राजस्व लक्ष्य की जिलेवार समीक्षा भी की गई। लक्ष्य से पीछे चल रहे जिलों को दुकानवार समीक्षा कर नई कार्ययोजना बनाने को कहा गया।

मंत्री ने मिलावटी शराब पर भी कड़ी नाराजगी जताते हुए आकस्मिक निरीक्षण बढ़ाने और अनियमितता पाए जाने पर दोषी कर्मचारियों को तत्काल हटाकर ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश दिए।

साथ ही दुकानों में कैशलेस भुगतान को बढ़ावा देने के लिए अलग काउंटर बनाने और बार, क्लब, होटल व ढाबों की नियमित जांच कर अवैध शराब बिक्री करने वालों पर कठोर कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

Related Articles

Back to top button