नीट यूजी में प्रवेश के लिए बीमित श्रमिकों के बच्चों को सुनहरा अवसर

रायपुर। प्रदेश के संगठित क्षेत्र में कार्यरत बीमित श्रमिकों के बच्चों के लिए मेडिकल शिक्षा प्राप्त करने का सुनहरा अवसर सामने आया है।
भारत सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के अंतर्गत संचालित कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) ने देशभर के अपने 20 मेडिकल कॉलेजों में बीमित श्रमिकों के बच्चों के लिए 700 सीटें आरक्षित की हैं। इन सीटों पर प्रवेश राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा यानी नीट यूजी के माध्यम से दिया जाएगा।
कर्मचारी राज्य बीमा निगम द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, नीट यूजी प्रवेश प्रक्रिया में आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 मई 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक और पात्र विद्यार्थी कर्मचारी राज्य बीमा निगम की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा अधिक जानकारी के लिए विद्यार्थी और अभिभावक अपने निकटवर्ती ईएसआईसी शाखा कार्यालय या राज्य स्तरीय क्षेत्रीय कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।
निगम ने श्रमिक परिवारों की सुविधा के लिए टोल फ्री नंबर 1800112526 भी जारी किया है, जहां प्रवेश प्रक्रिया और योजना से जुड़ी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
इस योजना का उद्देश्य संगठित क्षेत्र के श्रमिकों के बच्चों को मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि आर्थिक और सामाजिक रूप से कमजोर परिवारों के प्रतिभाशाली बच्चे डॉक्टर बनने का सपना पूरा कर सकें।
श्रमिक साथियों से अपील की गई है कि वे अपने योग्य और इच्छुक बच्चों का अधिक से अधिक आवेदन करवाएं और भारत सरकार की इस महत्वपूर्ण योजना का लाभ उठाएं। इससे प्रदेश के श्रमिक परिवारों के बच्चों को उच्च शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिलेगा।





