ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

अवैध धान परिवहन पर सख्ती: सीमावर्ती चेकपोस्टों पर रातभर निगरानी, प्रशासन अलर्ट

रायपुर। राज्य में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होते ही अवैध धान के परिवहन को रोकने प्रशासनिक निगरानी तेज कर दी गई है। इसी क्रम में जशपुर जिला प्रशासन ने झारखंड सीमा से लगे चेकपोस्टों पर देर रात औचक निरीक्षण कर सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की।

कलेक्टर के निर्देश पर गठित निरीक्षण दल में तहसीलदार जयश्री राजनपथे, नायब तहसीलदार अरुण कुमार, फूड इंस्पेक्टर आलोक टोप्पो, मंडी निरीक्षक, राजस्व निरीक्षक और पटवारी शामिल थे। टीम ने भलमंडा, सकरडेगा और साईंटांगाटोली चेकपोस्टों पर पहुंचकर वाहन जांच प्रक्रिया, तैनात कर्मचारियों की मौजूदगी, रिकॉर्ड संधारण और सीमा पर निगरानी तंत्र को परखा।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संभावित अवैध धान परिवहन को रोकने के लिए मौके पर ही आवश्यक निर्देशन दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सीमा से लगे रास्तों पर किसी भी वाहन की गहन जांच अनिवार्य होगी, साथ ही परिवहन दस्तावेजों की सत्यापन प्रक्रिया को और मजबूत किया जाएगा। अधिकारियों ने सीमावर्ती ग्रामों के सरपंच और सचिवों से भी चर्चा की। इस दौरान स्थानीय स्तर पर जागरूकता बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना उपलब्ध कराने और निगरानी में सामुदायिक सहयोग सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।

जिला प्रशासन ने कहा है कि धान खरीदी के मौसमी दबाव में अवैध गतिविधियों की आशंका बढ़ जाती है, इसलिए सीमावर्ती क्षेत्रों में सतत निगरानी जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी, चाहे वे परिवहनकर्ता हों या गैर-मान्यता प्राप्त व्यापारिक तत्व। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर चेकपोस्टों पर अतिरिक्त बल तैनात किया जाएगा। अवैध धान आवागमन पर रोक के लिए जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष भी सक्रिय है, जिसके जरिए पूरे क्षेत्र की निगरानी रीयल-टाइम में की जा रही है।

Related Articles

Back to top button