शेयर बाजार में तेजी जारी, सेंसेक्स 600 अंक चढ़ा; निफ्टी 24,550 के पार, FMCG-IT और बैंकिंग शेयरों में खरीदारी

मुंबई। भारतीय शेयर बाजार में सोमवार, 3 अगस्त को कारोबार की शुरुआत मजबूती के साथ हुई। घरेलू बाजार में निवेशकों की खरीदारी के चलते सेंसेक्स करीब 600 अंक की बढ़त के साथ 78,700 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं, निफ्टी में भी करीब 200 अंकों की तेजी देखने को मिली और यह 24,550 के स्तर के आसपास पहुंच गया।
बाजार में सबसे ज्यादा खरीदारी एफएमसीजी, आईटी और बैंकिंग सेक्टर के शेयरों में देखी जा रही है। इन सेक्टरों में मजबूती के कारण प्रमुख सूचकांकों को सहारा मिला है। निवेशकों का रुझान बड़े शेयरों के साथ-साथ चुनिंदा मिडकैप और अन्य सेक्टरों में भी बना हुआ है।
हालांकि, एशियाई बाजारों में मिलाजुला रुख देखने को मिला। दक्षिण कोरिया का कोस्पी इंडेक्स 4.55 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार कर रहा था। जापान का निक्केई भी 1.74 प्रतिशत नीचे रहा। वहीं, हांगकांग का हैंगसेंग इंडेक्स मामूली बढ़त के साथ कारोबार करता नजर आया।
इससे पहले 31 जुलाई को अमेरिकी बाजारों में तेजी दर्ज की गई थी। डाउ जोन्स इंडेक्स 277 अंक यानी 0.53 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ था। नैस्डैक में 1 प्रतिशत और एसएंडपी 500 में 0.70 प्रतिशत की तेजी रही थी। अमेरिकी बाजारों की मजबूती का असर भारतीय बाजारों पर भी दिखाई दे रहा है।
विदेशी निवेशकों का भरोसा भी भारतीय बाजार में बढ़ता नजर आ रहा है। पिछले सात कारोबारी दिनों में विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII/FPI) ने भारतीय शेयर बाजार में करीब 5,673 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे हैं। वहीं घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) की खरीदारी भी जारी है।
इससे पहले शुक्रवार, 31 जुलाई को भी भारतीय शेयर बाजार बढ़त के साथ बंद हुआ था। सेंसेक्स 166 अंक चढ़कर 78,094 के स्तर पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी में 66 अंकों की तेजी रही और यह 24,383 के स्तर पर पहुंचा था। निवेशकों की नजर अब वैश्विक संकेतों और कंपनियों के तिमाही नतीजों पर बनी हुई है।





