रायपुर। रायपुर में स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती देते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को पचपेड़ी नाका स्थित रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल परिसर में अत्याधुनिक रामकृष्ण केयर कैंसर इंस्टीट्यूट का शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री ने अस्पताल की नई कैंसर इकाई का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध आधुनिक मशीनों और उपचार सुविधाओं की जानकारी ली।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने डॉ. संदीप दवे के भाई स्वर्गीय प्रदीप दवे को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल पिछले 36 वर्षों से प्रदेश के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रहा है।
कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जुड़े व्यक्तिगत अनुभव ने अस्पताल प्रबंधन को इस दिशा में बड़ा कदम उठाने के लिए प्रेरित किया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह संस्थान आने वाले समय में हजारों मरीजों के लिए उम्मीद का केंद्र बनेगा। अब कैंसर मरीजों को जांच, उपचार और अन्य आवश्यक सुविधाओं के लिए अलग-अलग स्थानों पर भटकना नहीं पड़ेगा। उन्हें एक ही परिसर में सभी सुविधाएं मिल सकेंगी।
उन्होंने कहा कि राज्य गठन के बाद छत्तीसगढ़ ने स्वास्थ्य क्षेत्र में तेजी से विकास किया है। वर्तमान सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश के लोगों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए दूसरे राज्यों का रुख न करना पड़े। इसके लिए लगातार स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि कैंसर केवल एक मरीज की नहीं, बल्कि पूरे परिवार की पीड़ा होती है।
उन्होंने लोगों से नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और कैंसर की शुरुआती पहचान पर विशेष ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि समय पर बीमारी का पता चलने से इलाज की सफलता की संभावना काफी बढ़ जाती है।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि राज्य में अब 15 मेडिकल कॉलेज संचालित हो रहे हैं। इसके अलावा दो नए सुपर स्पेशियलिटी अस्पतालों पर भी काम चल रहा है।
उन्होंने कहा कि बस्तर और बिलासपुर में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार से मरीजों को काफी राहत मिली है। समारोह में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक मोतीलाल साहू सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
